सीमा पर डटे वीर सैनिकों की सुरक्षा हेतु श्री सुंदरकांड मित्र मंडल समिति ने किया यज्ञ

62

हनुमानगढ़। देश की सीमाओं की सुरक्षा में तैनात भारतीय वीर सैनिकों की रक्षा और देश में शांति के संकल्प को लेकर श्री सुंदरकांड मित्र मंडल समिति, सिद्धेश्वर धाम, हनुमानगढ़ टाउन द्वारा विशेष यज्ञ एवं हवन का आयोजन किया गया। इस पावन यज्ञ का उद्देश्य अदम्य साहस के साथ सीमाओं पर तैनात हमारे सैनिकों के लिए ईश्वर से आशीर्वाद प्राप्त करना तथा राष्ट्र सेवा के प्रति मंडल के संकल्प को दोहराना था।
मंडल के मीडिया प्रभारी संजय पारीक ने बताया कि समिति के सभी सदस्य देश सेवा के लिए निरंतर कार्य कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि केवल आध्यात्मिक और धार्मिक आयोजनों तक सीमित न रहते हुए समिति प्रशासन के साथ भी हर स्तर पर सहयोग हेतु तत्पर है। यज्ञ कार्यक्रम के दौरान देश की अखंडता, एकता एवं सैनिकों के मनोबल के लिए विशेष मंत्रोच्चारण किया गया। संजय पारीक ने आगे बताया कि समिति द्वारा अपने सभी सदस्यों के ब्लड ग्रुप की सूची चिकित्सा विभाग को सौंपने की प्रक्रिया भी प्रारंभ कर दी गई है, जिससे आपातकालीन परिस्थितियों में रक्तदान के माध्यम से सैनिकों एवं नागरिकों की सहायता की जा सके। यह कार्य समिति के सामाजिक उत्तरदायित्व का एक भाग है।
मंडल के प्रधान सुशील गर्ग ने जानकारी देते हुए कहा कि कोरोना महामारी के दौरान भी समिति ने तन, मन और धन से सेवा कार्यों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया था और इस बार भी यदि कोई आपदा या संकट आता है तो मंडल प्रशासन के निर्देशों के अनुसार राष्ट्र सेवा में पूरी निष्ठा से जुटा रहेगा। उन्होंने कहा कि समिति का उद्देश्य केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि सामाजिक सेवा को भी अपने कार्यों में सम्मिलित करना है।
इस अवसर पर अनेक श्रद्धालुओं एवं समाजसेवियों ने भाग लिया और सैनिकों की सुरक्षा एवं देश की समृद्धि के लिए प्रार्थना की। यज्ञ के पश्चात प्रसाद वितरण कर कार्यक्रम का समापन किया गया।

ताजा अपडेट्स के लिए आप पञ्चदूत मोबाइल ऐप डाउनलोड कर सकते हैं, ऐप को इंस्टॉल करने के लिए यहां क्लिक करें.. इसके अलावा आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।