विद्युत समस्याओं को लेकर ग्रामीणों का धरना प्रदर्शन,जनता त्रस्त-अधकारी मस्त

152

हनुमानगढ़ टाउन के विद्युत विभाग कार्यालय पर आज अराईयावाली ग्राम पंचायत के सैकड़ों ग्रामीणों ने गेट बंद कर जोरदार धरना प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने कार्यालय का मुख्य द्वार दो घंटे तक बंद रखते हुए अधिकारियों के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और किसी को अंदर-बाहर आने-जाने नहीं दिया। धरने का नेतृत्व कर रहे ग्रामीण जसप्रीत सिंह ने बताया कि पंचायत क्षेत्र में दो जीएसएस – चोहिलियावाली और 26 एसएस डब्ल्यू – हैं, लेकिन पिछले छह महीनों से इन पर कोई स्थायी कर्मचारी नियुक्त नहीं है। ग्रामीणों का आरोप है कि एक जीएसएस के दो ऐसे फीडर हैं, जिन पर कोई लाइनमैन नहीं है। ऐसे में बिजली की मरम्मत का कोई इंतजाम नहीं है, जिससे पूरे क्षेत्र की बिजली व्यवस्था लावारिस हालात में है। जसप्रीत सिंह ने बताया कि पूर्व में अधिशासी अभियंता और सहायक अभियंता को कई बार लिखित में शिकायत की जा चुकी है, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। स्थानीय जेईएन को बार-बार फोन करने पर भी वह कॉल नहीं उठाते।
उन्होंने बताया कि 7 फीडरों पर मात्र एक लाइनमैन कार्यरत है, जबकि 26 एसएस डब्ल्यू जीएसएस के गुरुद्वारा फीडर और 24 एसएस डब्ल्यू फीडर पूरी तरह बंद पड़े हैं। गर्मी के मौसम में जब तेज हवाओं और बारिश के कारण लाइन में फॉल्ट आता है, तो चार से पांच दिन तक बिजली गुल रहती है। ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि विभाग द्वारा बिना योजना के फीडरों से कर्मचारी हटा दिए गए हैं, जिससे समस्या और बढ़ गई है। ग्रामीणों ने स्पष्ट चेतावनी दी कि जब तक 26 एसएस डब्ल्यू जीएसएस के गुरुद्वारा फीडर और 24 एसएस डब्ल्यू फीडर पर कर्मचारियों की नियुक्ति नहीं की जाती और समस्या का समाधान लिखित में नहीं दिया जाता, तब तक धरना जारी रहेगा। इस मौके पर जसप्रीत सिंह, मसहुर सिंह, अमनजीत सिंह, विकास साई, बलतेज सिंह, दर्शन सिंह, गुरजीत सिंह, शरण सिंह, गुरुदत्त सिंह, चरणजीत सिंह, राजू, गुरप्रीत मान (वार्ड पंच) सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। ग्रामीणों के इस आक्रोश ने विभागीय लापरवाही को उजागर कर दिया है।

आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।