– दिनेश गुप्ता बने पुनः अध्यक्ष, दिनेश अरोड़ा सचिव और सिम्पल बंसल कोषाध्यक्ष नियुक्त
हनुमानगढ़। लायंस क्लब भटनेर की बैठक वरिष्ठ लायन नरेश मेहन की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई। बैठक में क्लब के सभी प्रमुख पदाधिकारी और सदस्य मौजूद रहे। इस दौरान गत वर्ष की गतिविधियों और आय-व्यय का लेखा-जोखा क्लब अध्यक्ष लायन दिनेश गुप्ता ने सदन के समक्ष प्रस्तुत किया, जिसे सभी सदस्यों ने एकमत से पारित करते हुए उनकी कार्यशैली की सराहना की।
बैठक का प्रमुख एजेंडा आगामी सत्र के लिए कार्यकारिणी का गठन रहा। इस पर सभी सदस्यों ने खुलकर चर्चा की और अपनी राय रखी। विचार-विमर्श के बाद सर्वसम्मति से लायन दिनेश गुप्ता को पुनः अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी सौंपी गई। क्लब के सचिव पद के लिए लायन दिनेश अरोड़ा का चयन किया गया, वहीं कोषाध्यक्ष के रूप में लायन सिम्पल बंसल को नियुक्त किया गया। तीनों पदाधिकारियों के चयन पर सभी सदस्यों ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ स्वागत किया और उन्हें शुभकामनाएं दीं।
बैठक में आगामी वर्ष के सेवा प्रकल्पों और सामाजिक गतिविधियों की रूपरेखा पर भी विस्तृत चर्चा हुई। क्लब ने तय किया कि शिक्षा, स्वास्थ्य और स्वच्छता के क्षेत्र में विशेष अभियान चलाए जाएंगे। इसके साथ ही समाज में जरूरतमंद वर्गों की सहायता हेतु विभिन्न सेवा योजनाएं भी प्रस्तावित की गईं।
वरिष्ठ लायन नरेश मेहन ने अपने वक्तव्य में कहा कि लायंस क्लब का उद्देश्य केवल सामाजिक सेवा नहीं बल्कि युवा पीढ़ी को भी नेतृत्व के अवसर देना है। उन्होंने नई कार्यकारिणी को सक्रिय रूप से कार्य करने और क्लब की गरिमा को बनाए रखने के लिए प्रेरित किया।
इस मौके पर लायन श्याम रामावत, लायन टोनी बंसल, लायन दिवेश नागपाल व अन्य सदस्य मौजूद थे।
ताजा अपडेट्स के लिए आप पञ्चदूत मोबाइल ऐप डाउनलोड कर सकते हैं, ऐप को इंस्टॉल करने के लिए यहां क्लिक करें.. इसके अलावा आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।




































