ग्रामीण बोले – सतीपुरा के लोग आठ वर्षों से झेल रहे श्वनवासश्, सर्विस रोड व पानी निकासी की मांग
हनुमानगढ़। सतीपुरा गांव में वर्षों से अधूरे पड़े ओवरब्रिज निर्माण कार्य से त्रस्त होकर ग्रामीणों ने मंगलवार को सड़क पर उतरकर चक्काजाम किया। ग्रामीणों ने निर्माणाधीन ओवरब्रिज के नीचे धरना लगाकर विरोध प्रदर्शन किया और शासन-प्रशासन के प्रति नाराजगी जताई। प्रदर्शनकारियों ने ओवरब्रिज का कार्य लंबे समय से अधूरा छोड़े जाने, सर्विस रोड का निर्माण न होने, बरसात में जलनिकासी की समुचित व्यवस्था न होने और गांव में स्पीड ब्रेकर नहीं बनने जैसे मुद्दों को लेकर जमकर नारेबाजी की।
युवा नेता सुधीर बलिहारा ने कहा कि पिछले आठ वर्षों से सतीपुरा के लोग इस अधूरे ओवरब्रिज के कारण परेशानी झेल रहे हैं। यह स्थिति अब असहनीय हो चुकी है। उन्होंने कहा कि तीन सरकारें बदल चुकी हैं, लेकिन पुल का निर्माण अब तक पूरा नहीं हो सका। ग्रामीणों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है और कई बार हादसे भी हो चुके हैं। उन्होंने आक्रोश जताते हुए कहा कि “सतीपुरा के लोग मानो आठ साल से वनवास झेल रहे हैं।”
सुधीर बलिहारा के साथ पीसीसी सचिव मनीष मक्कासर, पूर्व प्रधान जयदेव भीड़ासरा, समाजसेवी पृथ्वी खीचड़ सहित सैकड़ों की संख्या में ग्रामीण प्रदर्शन में शामिल हुए। सभी ने एक स्वर में सर्विस रोड का निर्माण, जल निकासी की व्यवस्था और गांव में स्पीड ब्रेकर बनाने की मांग की।
सूचना मिलते ही उपखंड अधिकारी मांगीलाल सुथार और पीडब्ल्यूडी के अधिकारी मौके पर पहुंचे और प्रदर्शनकारियों से वार्ता की। अधिकारियों ने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि सर्विस रोड का निर्माण और बरसात के पानी की निकासी की व्यवस्था तुरंत प्रभाव से की जाएगी। साथ ही, अन्य मांगों पर भी शीघ्र कार्यवाही का आश्वासन दिया। प्रशासनिक आश्वासन के बाद ग्रामीणों ने चक्काजाम समाप्त किया और धरना शांतिपूर्वक समाप्त हुआ। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र समाधान नहीं हुआ, तो वे पुनः आंदोलन के लिए बाध्य होंगे। इस मौके पर गुरजोत सिंह, दिलजीत, गजेन्द्र, हरचरण सिंह, नितेश बलिहारा, काला सिंह, हरी जाखड़, मांगीलाल, नत्थू जाखड़, सुधीर बलिहारा, मदन वर्मा, गुरदत्त सिंह, स्वर्ण सिंह ढिल्लो व अन्य ग्रामीण मौजूद थे।
ताजा अपडेट्स के लिए आप पञ्चदूत मोबाइल ऐप डाउनलोड कर सकते हैं, ऐप को इंस्टॉल करने के लिए यहां क्लिक करें.. इसके अलावा आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।




































