पतंजलि वेलनेस सेंटर चौटाला का कायाकल्प योग मंदिर के प्रशिक्षणार्थियों ने किया भ्रमण

167

– योग और संस्कृति के प्रचार-प्रसार का लिया संकल्प
हनुमानगढ़। 
कायाकल्प योग मंदिर, हनुमानगढ़ द्वारा रविवार को एक विशेष योग जागरूकता यात्रा के तहत पतंजलि वेलनेस सेंटर, चौटाला का शैक्षणिक भ्रमण आयोजित किया गया। इस यात्रा में योग मंदिर की संचालिका अचला के नेतृत्व में दर्जनों योग प्रशिक्षणार्थियों ने भाग लिया और प्राकृतिक चिकित्सा, योग चिकित्सा एवं जीवनशैली सुधार से जुड़े विभिन्न पहलुओं की जानकारी प्राप्त की।
भ्रमण के दौरान प्रशिक्षणार्थियों को वेलनेस सेंटर में उपलब्ध पंचकर्म चिकित्सा, प्राकृतिक उपचार विधियों, हर्बल दवाओं एवं आहार प्रणाली के बारे में विस्तार से बताया गया। सभी ने व्यक्तिगत रूप से अनुभव कर यह समझा कि कैसे योग और आयुर्वेद मिलकर शारीरिक और मानसिक रोगों से मुक्ति दिलाने में सहायक होते हैं।
योग मंदिर की संचालिका अचला ने इस अवसर पर कहा कि “आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में यदि कोई शांति और स्वास्थ्य का मार्ग है, तो वह योग और भारतीय संस्कृति में ही निहित है। हमें मिलकर न केवल स्वयं योग अपनाना चाहिए, बल्कि समाज में भी इसके प्रति जागरूकता फैलाने के लिए आगे आना चाहिए।” उन्होंने यह भी कहा कि कायाकल्प योग मंदिर का उद्देश्य केवल योगाभ्यास तक सीमित नहीं है, बल्कि यह हमारी सनातन संस्कृति को पुनः जाग्रत करने का माध्यम भी है।
भ्रमण के दौरान योग प्रशिक्षणार्थियों ने विभिन्न चिकित्सा प्रक्रियाओं को प्रत्यक्ष रूप से देखा और कई लोगों ने चिकित्सकों से परामर्श भी लिया। इस अनुभव ने सभी को योग, प्राकृतिक चिकित्सा और स्वदेशी चिकित्सा पद्धतियों के प्रति और अधिक गंभीर एवं जागरूक बनाया।
यात्रा के अंत में सभी प्रतिभागियों ने मिलकर यह संकल्प लिया कि वे नियमित रूप से योग करेंगे और अपने परिवार, मित्रों और समाज में योग और स्वदेशी चिकित्सा पद्धतियों के लाभों का प्रचार-प्रसार करेंगे।

ताजा अपडेट्स के लिए आप पञ्चदूत मोबाइल ऐप डाउनलोड कर सकते हैं, ऐप को इंस्टॉल करने के लिए यहां क्लिक करें.. इसके अलावा आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।