उत्तर प्रदेश में ग्रेटर नोएडा के डे केयर सेंटर में 15 माह (Noida Daycare) की बच्ची से क्रूरता का सीसीटीवी वीडियो सामने आया है। वायरल वीडियो 10 मिनट 30 सेकेंड का है। जिसमें इतनी दर्दनाक चीजें हैं जिससे आप कांप उठेंगे। सीसीटीवी में नजर आ रहा है कि केयर टेकर ने बच्ची के मुंह में खिलौना ठूंस, दो बार जमीन पर पटका। पीठ पर थप्पड़, सीने पर मुक्का मारा। सिर दीवार से टकरा दिया। जांघ पर दांत से काट लिया। इस दौरान बच्ची चीखती-चिल्लाती रही।
ये वीडियो अब सुर्खियों में है। घटना 4 अगस्त 2025 की है। बच्ची की मां की शिकायत पर सेक्टर-142 कोतवाली में डे केयर संचालिका चारु और नाबालिग सहायिका के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। सहायिका की उम्र का एफआईआर में जिक्र नहीं है।
सेक्टर-142 थाना पुलिस ने बच्ची का मेडिकल करवाया और आरोपी सहायिका को हिरासत में ले लिया। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि डे-केयर बिना वैध लाइसेंस तो नहीं चल रहा था। सोसाइटी निवासी शेखर झा का कहना है कि सोसाइटी में ग्राउंड पर किराए के फ्लैट में डे केयर चल रहा है। ये लोग हर महीने एक बच्चे की फीस 3500 रुपए लेते हैं। आरोप है कि सहायिका की मानसिक हालत सही नहीं रहती। ऐसी शिकायतें पहले भी सामने आ चुकी हैं।
ये भी पढ़ें: 7 संतानों की सताई मां, दिल तोड़ देगी विदिशा की गेंदाबाई की कहानी

बच्ची की मां ने क्या-क्या बताया
सोसाइटी में रहने वाली मोनिका देवी का आरोप है कि वह अपनी बेटी वेदांशी पटेल को रोजाना ब्लिपी डे केयर में दो घंटे भेजती हैं। चार अगस्त को जब उसे घर लेकर आईं तो वह जोर-जोर से रो रही थी। कपड़े बदलने के दौरान उसकी दोनों जांघों पर दांत के निशान दिखे। इसके बाद वह बच्ची को लेकर डॉक्टर के पास पहुंचीं। डॉक्टर ने उन्हें बताया कि ये निशान दांत से काटे जाने के हैं।

बच्ची की मां मोनिका ने बताया- मैंने मामले की शिकायत डे केयर चलाने वाली चारु और सहायिका से की। इस पर दोनों ने मेरे साथ अभद्रता करते हुए धमकी दी। पहले संचालिका ने CCTV दिखाने से मना कर दिया। लेकिन बाद में विरोध पर फुटेज दिखाई। 10 मिनट 30 सेकेंड की फुटेज में सहायिका पहले बच्ची के मुंह में खिलौना ठूंस देती है।
फिर बच्ची को दो बार खड़े-खड़े जमीन पर पटक देती है। वह बच्ची को साइकिल पर बैठाती है। उसकी पीठ पर तेजी से चांटा मारती है। बच्ची का सिर दीवार पर पटक देती है। उसके सीने में मुक्का मारती है।
View this post on Instagram
व्हाट्सऐप चैनल से जुड़ें, ताकि ऐसी ज़रूरी खबरें आप तक तुरंत पहुंचें। [यहां क्लिक करें]

केस हुआ दर्ज
पुलिस ने मामले में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा-115 (2) (स्वेच्छा से चोट पहुंचाने), धारा-352 (शांति भंग करने के इरादे से जानबूझकर अपमान करने) धारा-351 (2) आपराधिक धमकी की धाराओं में सहायिका और संचालिका के खिलाफ केस दर्ज किया है। DCP शक्तिमोहन अवस्थी ने बताया- संचालिका चारु से पूछताछ की जा रही है। नाबालिग सहायिका को हिरासत में लिया गया है।
ताजा अपडेट्स के लिए आप पञ्चदूत मोबाइल ऐप डाउनलोड कर सकते हैं, ऐप को इंस्टॉल करने के लिए यहां क्लिक करें.. इसके अलावा आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।




































