बारिश से दो केएनजे आबादी में घरों की दीवारें धंसी, छत-पिलर में आया दरार

206

– पांच मकान खाली करवाए, प्रशासन की अनदेखी पर लोगों में रोष
हनुमानगढ़। जिले में रविवार को हुई तेज बारिश ने दो केएनजे आबादी और आईटीआई बस्ती में तबाही मचा दी। बारिश से कई घरों की नींव धंस गई, छत और पिलर के बीच चौड़ी दरारें आ गईं। हालात इतने गंभीर हो गए कि देर रात से लेकर अल सुबह तक प्रभावित परिवारों को घर खाली कर बाहर निकालना पड़ा। लोगों ने प्रशासन और पंचायत पर लापरवाही का आरोप लगाया है।
पीड़ित परिवार के सदस्य मक्खन सिंह ने बताया कि शनिवार देर रात से लगातार हो रही भारी बारिश के कारण उनके घर की छत और पिलर के बीच बड़ा गैप हो गया। इससे घर की संरचना कमजोर हो गई और आगे का कमरा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। उन्होंने कहा कि पास के खाली प्लॉट में पानी भरने और लगातार बारिश होने से यह हादसा हुआ। मक्खन सिंह ने बताया कि अल सुबह करीब चार बजे परिवार के सदस्यों को सुरक्षित स्थान पर शिफ्ट किया गया।
आईटीआई बस्ती क्षेत्र में भी बारिश का कहर देखने को मिला। यहां करीब पांच मकानों में पानी भर गया और दीवारों में दरारें पड़ गईं। हादसे की आशंका को देखते हुए इन मकानों को भी खाली करवाया गया। प्रभावित परिवार अब रिश्तेदारों और परिचितों के घरों में शरण लिए हुए हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि प्रशासन और सरपंच की ओर से हालात की सुध नहीं ली जा रही। पिछली बार भी इसी तरह बारिश के दौरान हादसे हुए थे, लेकिन तब भी जिम्मेदार विभागों ने कोई ठोस कदम नहीं उठाया। लोगों ने रोष जताते हुए कहा कि जब तक जान-माल का नुकसान नहीं होगा, तब तक प्रशासन नहीं जागेगा और सिर्फ खानापूर्ति करता रहेगा।

ताजा अपडेट्स के लिए आप पञ्चदूत मोबाइल ऐप डाउनलोड कर सकते हैं, ऐप को इंस्टॉल करने के लिए यहां क्लिक करें.. इसके अलावा आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।