करवाचौथ का पर्व 10 अक्टूबर को अग्रसेन भवन में धूमधाम से मनाया जाएगा

187

हनुमानगढ़। अग्रवाल महिला उप समिति की बैठक अग्रसेन भवन में सम्पन्न हुई, जिसमें आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा पर चर्चा की गई। बैठक में निर्णय लिया गया कि करवाचौथ का पर्व 10 अक्टूबर को अग्रसेन भवन में हर्षोल्लास एवं सांस्कृतिक गतिविधियों के साथ मनाया जाएगा। बैठक की अध्यक्षता समिति की अध्यक्षा मिताली अग्रवाल ने की।
उन्होंने संबोधित करते हुए कहा कि करवाचौथ केवल व्रत और पूजा का पर्व ही नहीं है, बल्कि यह पारिवारिक एकता, स्नेह और संस्कृति से जुड़ा हुआ उत्सव है। इस पर्व का उद्देश्य दांपत्य जीवन में विश्वास और प्रेम की गहराई को और मजबूत करना है। उन्होंने कहा कि इस अवसर पर विभिन्न खेल, नृत्य एवं मनोरंजक गतिविधियाँ आयोजित की जाएँगी, ताकि सभी महिलाओं को आपसी मेलजोल और आनंद का अवसर मिल सके।
मिताली अग्रवाल ने कहा कि समिति का प्रयास रहेगा कि यह पर्व सभी महिलाओं के लिए यादगार बने। हर साल की तरह इस बार भी करवा चौथ पर सजगृहिणी प्रतियोगिता, मेहंदी प्रतियोगिता और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां होंगी। महिलाओं के उत्साहवर्धन के लिए आकर्षक पुरस्कार भी प्रदान किए जाएंगे।
बैठक में उपस्थित सभी सदस्यों ने प्रस्ताव का समर्थन किया और आयोजन को सफल बनाने के लिए सामूहिक जिम्मेदारी निभाने का आश्वासन दिया। इस अवसर पर कार्यकारी अध्यक्ष रीनू बंसल, सचिव अंजली गोयल, उपाध्यक्ष मीना गर्ग, संगठन मंत्री डॉ. शिवानी गर्ग, प्रचार मंत्री ललिता बंसल, सह सचिव प्रीति गुप्ता, विधि मंत्री प्रियंका गोयल तथा सदस्य रेनु गर्ग मौजूद रहीं।
सभी सदस्यों ने एक स्वर में कहा कि करवा चौथ का पर्व केवल धार्मिक महत्व का नहीं बल्कि सांस्कृतिक एवं सामाजिक दृष्टिकोण से भी अत्यंत महत्वपूर्ण है। इससे महिलाओं के बीच आपसी सहयोग, सौहार्द और अपनत्व की भावना प्रबल होती है। समिति ने इस आयोजन में सभी महिलाओं से बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की।
बैठक का समापन उत्साहपूर्ण वातावरण में हुआ और सभी सदस्य आयोजन की तैयारियों में सक्रिय रूप से जुटने के लिए संकल्पित दिखीं।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।