बीपीएल सीजन-6 आज से, ट्रॉफी अनावरण कार्यक्रम, ट्रॉफी पर है 12 टीमों की नजर
हनुमानगढ़. जिला मुख्यालय पर खेल और समाजसेवा के अद्वितीय संगम की पहचान बन चुकी भटनेर प्रीमियर लीग (बीपीएल) का छठा संस्करण रविवार 28 सितंबर से शुरू हो रहा है। जंक्शन स्थित बेबी हैप्पी मॉडर्न पीजी कॉलेज के खेल मैदान में सुबह 8.30 बजे भव्य उद्घाटन होगा। चार दिनों तक चलने वाले इस क्रिकेट महाकुंभ में रोमांचक मुकाबलों के साथ समाजहित का संदेश भी गूंजेगा।
शनिवार को टूर्नामेंट की चमचमाती ट्रॉफी का अनावरण भटनेर किंग्स क्लब के संरक्षक आशीष विजय और अध्यक्ष कुलभूषण जिंदल ने संयुक्त रूप से किया। इस मौके पर क्लब सदस्यों और खेलप्रेमियों का उत्साह देखते ही बन रहा था।
संरक्षक आशीष विजय ने कहाकि बीपीएल हर बार किसी सामाजिक सरोकार को साथ लेकर आगे बढ़ती है। इस बार थीम है, ‘टीबी मुक्त हनुमानगढ़’। क्लब निक्षय मित्र बनकर छह टीबी रोगियों को छह माह तक पोषण किट उपलब्ध कराएगा।
उन्होंने कहाकि क्रिकेट जैसे खेल आयोजन को समाजहित से जोड़ना ही हमारा उद्देश्य है। यदि समाज के संगठन इस प्रकार जिम्मेदारी निभाएं तो टीबी उन्मूलन का लक्ष्य जल्दी हासिल किया जा सकता है।
क्लब अध्यक्ष कुलभूषण जिंदल ने कहा कि बीपीएल-6 न केवल खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का मंच देगा, बल्कि छह मरीजों के लिए जीवन में सकारात्मक बदलाव का भी जरिया बनेगा।
खास बात है कि बीपीएल की शुरुआत से ही यह आयोजन सिर्फ क्रिकेट तक सीमित नहीं रहा है। इससे पहले पांच संस्करणों से जुटाई गई राशि गोशाला, कन्याओं के विवाह, बीमारों के इलाज और जरूरतमंदों के मकान निर्माण जैसे कार्यों पर खर्च की गई है। यही कारण है कि बीपीएल अब खेलप्रेमियों के साथ-साथ समाजसेवियों के लिए भी प्रतीक बन चुका है।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।



































