जांगिड़ सुथार समाज के दीपावली सम्मेलन में 164 कारीगरों का हुआ सम्मान

287

-विश्वकर्मा सम्मान से निहाल हुए समाज के हुनरमंद, आत्मनिर्भर भारत की दिशा में सराहनीय पहल
हनुमानगढ़। जांगिड़ सुथार समाज समिति हनुमानगढ़ द्वारा समाज में एकता, सहयोग और श्रम के गौरव को बढ़ावा देने के उद्देश्य से गुरुवार को श्री विश्वकर्मा सामुदायिक भवन, जांगिड़ धर्मशाला, हनुमानगढ़ जंक्शन में दीपावली सम्मेलन का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में समाज के विभिन्न वर्गों के लोगों ने बड़ी संख्या में भाग लेकर उत्साह और गर्व का परिचय दिया।
इस अवसर पर समिति ने इस वर्ष एक नवाचार करते हुए समाज के 164 कुशल कारीगरों को विश्वकर्मा सम्मान से सम्मानित किया। इन कारीगरों में चिनाई, लकड़ी, मेकेनिक, इलेक्ट्रिशियन, फिटर, पेंटर सहित अन्य पारंपरिक एवं आधुनिक तकनीकी कार्यों से जुड़े श्रमिक शामिल रहे। सभी को समाज के गौरव और परिश्रम की मिसाल के रूप में मंच पर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन और विश्वकर्मा भगवान के पूजन से किया गया। इसके बाद समिति अध्यक्ष राधेराम छाड़िया ने अपने उद्बोधन में कहा कि “हर कारीगर समाज की नींव का पत्थर है। जिनके हाथों की मेहनत से घर, उद्योग और समाज खड़े हैं, उन्हें सम्मान देना हमारा कर्तव्य है।” उन्होंने कहा कि दीपावली केवल दीपों का त्यौहार नहीं, बल्कि कर्म और सृजन की ज्योति जलाने का पर्व है।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।