भारत के इन शहरों में मिले 31 कोरोनावायरस संक्रमित, जानें बचाव के क्या हैं सही उपाय

0
617

नई दिल्ली: भारत में कोरोनावायरस (COVID-19) से संक्रमण का मामला 31 हो गया है। दिल्ली में शुक्रवार को एक और मरीज में संक्रमण की पुष्टि हुई। इसके साथ ही संक्रमित लोगों का आंकड़ा बढ़कर 31 हो गया है। स्वास्थ्य मंत्रालय के विशेष सचिव संजीव कुमार ने बताया कि संक्रमित व्यक्ति थाईलैंड और मलेशिया की यात्रा कर चुका है। व्यक्ति दिल्ली में उत्तम नगर का रहने वाला है।

कोरोनावायरस की वजह से फंसे अपने नागरिकों को निकालने के लिए भारत और ईरान के बीच शुक्रवार से विशेष विमान शुरू होगा। ईरान के दूतावास ने गुरुवार को बताया कि देश में दो हजार से ज्यादा भारतीय फंसे हुए हैं। हम उन्हें भारतीय अधिकारियों की मंजूरी के बाद ही वापस भेज सकते हैं। ईरान भी भारत से अपने नागरिकों को निकालने के लिए खाली विमान आज भारत भेजेगा। वहीं, इटली से भारत घूमने आए 26 लोगों के दल के संपर्क में आने वाले राजस्थान के 247 नागरिकों की जांच रिजल्ट निगेटिव आई है। इनमें 16 नागरिक और उनका ड्राइवर संक्रमित पाए गए थे।

इन शहरों में मिले 31 कोरोनावायरस संक्रमित

  • केरल के 3 मरीज : ये चीन के वुहान से लौटे थे। इनमें फरवरी में संक्रमण की पुष्टि हुई थी। अब ये पूरी तरह ठीक हो चुके हैं।
  • दिल्ली के 2 मरीज : पहला मरीज इटली से भारत लौटा था।  जबकि दूसरा मरीज मलेशिया और थाईलैंड से आया था। दोनों का इलाज किया जा रहा है।
  • आगरा के 6 मरीज : इटली से दिल्ली लौटा संक्रमित व्यक्ति आगरा में अपने 6 रिश्तेदारों से मिला। इसलिए ये संक्रमित हुए।
  • तेलंगाना का 1 मरीज : ये भी इटली से लौटा था। इसके संपर्क में आए 88 मरीजों को निगरानी में रखा गया।
  • जयपुर के 17 मरीज : इनमें से 16 मरीज इटली से आए थे और राजस्थान के 6 जिलों में 8 दिन तक घूमे थे। एक भारतीय ड्राइवर इनके साथ था, जो इन्हें अलग-अलग जगहों पर लेकर गया था। इस तरह कुल 17 लोगों में कोरोनावायरस की पुष्टि हुई है। इनका दिल्ली में आईटीबीपी कैम्प में इलाज चल रहा है। इनमें से एक मरीज जयपुर के जिस अस्पताल के आईसीयू में भर्ती था, वहां 60 अन्य मरीज भी थे। इन मरीजों को भी संक्रमण हो सकने के खतरे की वजह से अलग रखा गया है और निगरानी की जा रही है।
  • गुड़गांव का 1 मरीज : पेटीएम कंपनी का एक कर्मचारी संक्रमित पाया गया।
  • उत्तर प्रदेश में 1 मरीज: गाजियाबाद में एक कारोबारी में पुष्टि हुई है।

कैसे फैलता है वायरस-
जानवरों के संपर्क में आने वाले इंसानों को यह वायरस संक्रमित करता है। सेंटर फॉर डिसीज कंट्रोल एंड प्रिवेंशन के मुताबिक, यह जुकाम, छींक और हाथ मिलाने से भी फैल सकता है। इसके अलावा संक्रमित मरीज के संपर्क में आने पर इसका खतरा ज्यादा रहता है। 2011 में हुई रिसर्च के मुताबिक, कुत्ते और बिल्ली में कोरोनावायरस का संक्रमण आसानी से होता है। ये जानवर इंसानों के आसपास होने के कारण वायरस फैलने का खतरा रहता है।

सबसे जरूरी काम क्या करें-
वॉशिंगटन स्टेट के हेल्थ सेक्रेटरी डॉ. जॉन वाइजमैन कहते हैं कि यदि किसी को जुकाम और फ्लू है तो कम से कम साबुन से 20 सेकंड तक हाथ को धुलना चाहिए। इसके लक्षण आमतौर पर सर्दी-जुकाम जैसे दिखते हैं। कफ, गले में सूजन, सिरदर्द, कई दिनों तक तेज बुखार और सांस लेने में दिक्कत हो तो यह कोरोनावायरस के संक्रमण के लक्षण हो सकते हैं। ऐसे में सतर्क होने की जरूरत है। विशेषज्ञ से सलाह लें।

हमारा आपसे निवेदन है कोरोना वायरस को लेकर गलत अफवाह सोशल मीडिया पर ना फैलाएं बल्कि सही जानकारी देकर अपने आसपास के लोगों को जागरूक करें।

ताजा अपडेट्स के लिए आप पञ्चदूत मोबाइल ऐप डाउनलोड कर सकते हैं, ऐप को इंस्टॉल करने के लिए यहां क्लिक करें.. इसके अलावा आप हमें  फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।