21 अक्टूबर को महाराष्ट्र-हरियाणा में मतदान होगा, 24 अक्टूबर को आएंगे नतीजे

0
558

नई दिल्ली: लोकसभा चुनाव खत्म होने के चार महीने बाद एक बार फिर देश में चुनावी मौसम आ गया है। इस साल महाराष्ट्र, हरियाणा और झारखंड में विधानसभा चुनाव होने हैं, लेकिन आज महाराष्ट्र-हरियाणा की तारीखों का ही ऐलान हुआ है। मुख्य चुनाव आयुक्त सुनील अरोड़ा ने शनिवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में ऐलान किया कि महाराष्ट्र और हरियाणा में 21 अक्टूबर को मतदान होगा। दोनों ही राज्यों में 24 अक्टूबर को नतीजे आएंगे।

मुख्य चुनाव आयुक्त सुनील अरोड़ा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि हरियाणा-महाराष्ट्र में 2 नवंबर, 9 नवंबर को विधानसभा का कार्यकाल खत्म हो रहा है। ऐसे में इससे पहले इन राज्यों में चुनाव की प्रक्रिया पूरी होंगी। महाराष्ट्र में 8.9 करोड़ मतदाता हैं, जबकि हरियाणा में 1.28 करोड़ मतदाता हैं। हरियाणा में 1.03 लाख बैलेट यूनिट हैं, जबकि महाराष्ट्र में 1.8 लाख बैलेट यूनिट, 1.28 लाख CU और 1.39 लाख वीवीपैट मशीनें हैं।

सुनील अरोड़ा ने आगे कहा कि प्रत्याशी के लिए चुनाव में खर्च की अधिकतम लिमिट 28 लाख रुपये रहेगी, ये नियम दोनों ही राज्यों में लागू होगा। चुनाव आयोग की ओर से खर्च पर भी नज़र रखी जाएगी। तारीखों का ऐलान करने से पहले चुनाव आयोग ने सुरक्षा का जायजा लिया और तैयारियों को परख कर ही अब चुनाव कराया जा रहा है। चुनाव आयोग की ओर से राजनीतिक दलों से अपील की गई है कि वह अपने प्रचार में प्लास्टिक का कम से कम इस्तेमाल करें और पर्यावरण को ध्यान में रखते हुए अपने प्रचार को आगे बढ़ाएं।

ताजा अपडेट्स के लिए आप पञ्चदूत मोबाइल ऐप डाउनलोड कर सकते हैं, ऐप को इंस्टॉल करने के लिए यहां क्लिक करें..