पंचदूत मॉर्निंग न्यूज: पढ़िए कम शब्दों में आज दिनभर क्या-क्या रहेगा खास…

0
137

Top News Today : पंचदूत मॉर्निंग में कम शब्दों में आज उन खबरों का अपडेट देंगे जोकि आज दिनभर चर्चा में रह सकती हैं। जानिए दिनभर क्या-क्या रहेगा खास… हमारे साथ व्हाट्सऐप चैनल पर जुड़ने के लिए यहां क्लिक करें (We’re now on WhatsApp, Click to join)

महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर जोशी का निधन
महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री और शिवसेना नेता मनोहर जोशी का 86 की उम्र में हार्ट अटैक से निधन हो गया। उन्होंने मुंबई के पीडी हिंदुजा अस्पताल में शुक्रवार (23 फरवरी) सुबह अंतिम सांस ली। मनोहर जोशी को बुधवार को हार्ट अटैक आया था। तब से वे ICU में भर्ती थे। मुंबई के शिवाजी पार्क श्मशान में आज उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा। उन्होंने एक टीचर के रूप में अपना करियर शुरू किया था। जोशी 1967 में पॉलिटिक्स में आए। वे 40 साल से ज्यादा समय तक शिवसेना से जुड़े रहे।

किसान आंदोलनकारियों का आज ब्लैक डे
पंजाब-हरियाणा के खनौरी बॉर्डर पर 21 साल के शुभकरण की मौत के विरोध में किसान शुक्रवार को देशभर में ब्लैक डे मनाएंगे। संयुक्त किसान मोर्चा की गुरुवार को साढ़े 4 घंटे चली बैठक के बाद यह फैसला लिया गया। इसमें 100 किसान संगठनों ने हिस्सा लिया। 26 को देशभर में ट्रैक्टर मार्च और 14 मार्च को दिल्ली में महापंचायत करने पर सहमति जताई।उधर, आंदोलन कर रहे किसान नेताओं के खिलाफ हरियाणा पुलिस ने देर रात राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (NSA) के तहत कार्यवाही शुरू कर दी है। अंबाला पुलिस ने बताया कि प्रदर्शनों के दौरान सरकारी संपत्ति को हुए नुकसान की भरपाई आंदोलनकारी किसान नेताओं से ही होगी। इसके लिए उनकी संपत्ति कुर्की और बैंक खाते सीज किए जा रहे हैं।

मैतेई को ST दर्जा देने पर विचार नहीं होगा
मणिपुर हाईकोर्ट ने मैतेई समुदाय को अनुसूचित जनजाति (ST) सूची में शामिल करने पर विचार करने के आदेश को रद्द कर दिया है। जस्टिस गोलमेई गैफुलशिलु की बेंच ने आदेश से एक पैराग्राफ को हटाते हुए कहा कि यह सुप्रीम कोर्ट की कॉन्स्टिट्यूशनल बेंच के रुख के खिलाफ था। गौरतलब है कि 27 मार्च 2023 के इसी निर्देश के बाद मणिपुर में जातीय हिंसा भड़क उठी थी, जिसमें अब तक 200 से ज्यादा लोगों की जान जा चुकी है। हाईकोर्ट में इस फैसले के खिलाफ पुनर्विचार याचिका लगाई गई थी। जिस पर 21 फरवरी को सुनवाई हुई।

CBSE बोर्डमें ओपन बुक एग्‍जाम
CBSE बोर्ड अब क्‍लास 9 से 12 तक के लिए ओपन बुक एग्‍जाम (OBE) ट्रायल करने जा रहा है। इसी साल नवंबर में कक्षा 9 और 10 के लिए अंग्रेजी, गणित, विज्ञान और कक्षा 11 और 12 के लिए अंग्रेजी, गणित और जीवविज्ञान के लिए कुछ स्कूलों में ओपन-बुक टेस्ट कराने की तैयारी है। दरअसल, ओपन-बुक एग्‍जाम में स्‍टूडेंट्स को परीक्षा के दौरान अपने नोट्स, किताबें, या कई अन्‍य स्‍टडी मटेरियल साथ ले जाने और उन्हें देखने की अनुमति होती है। हालांकि OBE सामान्‍य परीक्षा से आसान नहीं होता। ये एग्‍जाम अक्सर ज्‍यादा मुश्किल होते हैं।

चंद्रमा के साउथ पोल पर पहुंचा अमेरिका
अमेरिका की ह्यूस्टन बेस्ड प्राइवेट कंपनी इंट्यूटिव मशीन्स का लैंडर ओडिसियस चंद्रमा के साउथ पोल पर लैंड हो गया है। भारतीय समय के मुताबिक, 4 बजकर 53 मिनट पर स्पेसक्राफ्ट की लैंडिंग हुई। इसी के साथ ओडिसियस मून लैंडिंग करने वाला किसी प्राइवेट कंपनी का पहला स्पेसक्राफ्ट बन गया है। वहीं, चंद्रमा के साउथ पोल पर उतरने वाला अमेरिका दूसरा देश बन गया है। इससे पहले 23 अगस्त 2023 को चंद्रयान-3 की साउथ पोल पर सफल लैंडिंग हुई थी। लैंडिंग से पहले ओडिसियस के नेविगेशन सिस्टम में कुछ खराबी आई थी। इसके बावजूद लैंडिंग कराई गई। मिशन के डायरेक्टर टिम क्रेन ने कहा कि हम बिना किसी संदेह के कह सकते हैं कि अडिसियस चांद की सतह पर मौजूद है।

रूस ने भारतीयों को धोखे से जंग पर भेजा
रूस भारतीयों को जबरदस्ती यूक्रेन के खिलाफ जंग लड़ने के लिए भेज रहा है। चार भारतीयों को रूस-यूक्रेन सीमा पर रूसी सैनिकों के साथ लड़ने के लिए मजबूर किया गया। इनमें से एक तेलंगाना और तीन कर्नाटक के हैं। यह कब का मामला है, यह स्पष्ट नहीं है। टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के मुताबिक, रूसी कंपनियों ने इन भारतीयों को हेल्पर के तौर पर काम करने के लिए हायर किया था। इसके बाद इन्हें रूस की प्राइवेट आर्मी कहे जाने वाले वैगनर ग्रुप में भर्ती करवा दिया गया और जंग के मैदान में छोड़ दिया गया।

वीवो ने भारतीय बाजार में लॉन्च किया Y200e 5G स्मार्टफोन
चाइनीज टेक कंपनी वीवो ने भारतीय बाजार में Y200e 5G स्मार्टफोन लॉन्च कर दिया है। कंपनी का दावा है कि Vivo Y200e भारत का पहला स्मार्टफोन है, जिसके बैक पैनल पर इकोफाइबर लेदर फिनिश के एंटी-स्टेन कोटिंग दिया गया है। वीवो Y200e 5G स्मार्टफोन IP5X डस्ट रेसिस्टेंस और IPX4 वाटर रेसिस्टेंस रेटिंग से लैस है। इसके अलावा, फोन स्टेन, स्क्रेच, डेली UV एजिंग, वेयर रेसिस्टेंस और डेली स्वेट कोरोशन रेसिस्टेंस के साथ आता है।

प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना
केंद्र सरकार द्वारा कमजोर वर्ग को आर्थिक सुरक्षा देने के लिए प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना (PMSBY) चलाई जा रही है। इसमें 20 रुपए सालाना यानी 2 रुपए महीने से भी कम के खर्च पर 2 लाख रुपए तक का लाइफ इंश्योरेंस मिलता है।इस बीमा योजना में लाभार्थी की किसी भी प्रकार से मौत होने पर नॉमिनी या परिवार को 2 लाख रुपए की राशि मिलती है। इसमें बीमा खरीदने के लिए किसी मेडिकल जांच की जरूरत नहीं होती है।

व्हाट्सऐप पर हमें फॉलो करें, लिंक नीचे
हमारे साथ व्हाट्सऐप पर जुड़ने के लिए यहां क्लिक करें (We’re now on WhatsApp, Click to join)

ताजा अपडेट्स के लिए आप पञ्चदूत मोबाइल ऐप डाउनलोड कर सकते हैं, ऐप को इंस्टॉल करने के लिए यहां क्लिक करें.. इसके अलावा आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।