यूपी में लगे चुनावी पोस्टर, प्रियंका गांधी को बताया दुर्गा तो BJP नेताओं को असुर

0
477

सोशल मीडिया: उत्तरप्रदेश में अगले महीने विधानसभा चुनाव होने हैं। यूपी का चुनाव सात चरणों में होगा। उसके नतीजे 11 मार्च को आएंगे। ऐसे में सभी दलों ने अपनी पार्टी का प्रचार तेज कर दिया। इसी बीच यूपी में कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी के कुछ पोस्टर देखने को मिले जिसमें साफ शब्दों में उन्हें दुर्गा और बीजेपी को असुर बताया है। पोस्टर में प्रियंका के अलावा कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी, उपाध्यक्ष राहुल गांधी की भी तस्वीर है।

पोस्टर में आप साफ देख सकते हैं कि प्रियंका के लिए विवादित बयान देने वाले बीजेपी नेता विनय कटियार की फोटो भी लगाई गई है। पोस्टर के मुताबिक, इन पोस्टर्स को हसीब अहमद और ओम पांडे नाम के लोगों ने लगवाया है। पोस्टर पर लिखा है, ‘वो इंदिरा है, वो दुर्गा है, वो है शक्ति का अवतार, असुरो पर टूट पड़ो होकर शेर सवार।’  बता दें ये तस्वीर सोशल मीडिया पर भी वायरल हो रही है।

गौरतलब है कि बीजेपी नेता विनय कटियार प्रियंका गांधी के लिए विवादित बयान दिया था। 25 जनवरी को कांग्रेस की लिस्ट का जिक्र करते हुए कटियार ने कहा था कि उनसे (प्रियंका) ज्यादा बहुत सी सुंदर महिलाएं हैं जो स्टार कैंपेनर हैं। दरअसल, कांग्रेस की स्टार कैंपेनर्स की लिस्ट में प्रियंका गांधी का भी नाम शामिल है। इसपर पत्रकार ने उनसे राय लेनी चाही थी। इसपर कटियार खूबसूरती का जिक्र करने लगे।

जब उनसे इस बयान पर सफाई मांगी गई तो उन्होंने कहा, ‘अगर कोई खूबसूरत है तो इसमें कुछ गलत नहीं है। मैंने कहा था कि हमारे पास भी कई खूबसूरत नेता हैं जैसे स्मृति ईरानी। स्मृति ईरानी का खूबसूरत चेहरा है। उन्होंने अमेठी से चुनाव के दौरान कड़ी टक्कर दी थी। ऐसा मत कहो कि मेरी सोच गलत है। बल्कि आपको अपनी सोच पर काम करना करना चाहिए। क्या खूबसूरत होना गलत है?’