राजस्थान: महिला डॉक्टर ने सास के साथ मिलकर मां-बेटे को जिंदा जलाया, वजह जानकर सहमे लोग

0
524

भरतपुर: पॉश कॉलोनी सूर्या सिटी में गुरुवार शाम महिला डॉक्टर ने डॉक्टर पति की प्रेमिका के घर आग लगा दी और बाहर से कुंडी बंद कर दी। दम घुटने से युवती और उसके 6 साल के बच्चे की मौत हो गई। बचाने के प्रयास में भाई भी झुलस गया। मिली जानकारी के मुताबिक, गुरुवार शाम 4 बजे महिला डॉक्टर सीमा गुप्ता, सास सुलेखा के साथ डॉक्टर पति सुदीप गुप्ता की प्रेमिका दीपा गुर्जर को डराने-धमकाने के लिए पहुंची।

दोनों के बीच कहासुनी चल ही रही थी कि अचानक उग्र हुई महिला डॉक्टर ने अपने साथ लाई स्प्रिट की बोतल को फर्नीचर पर उड़ेलकर आग लगा दी और घर के बाहर से कुंडी लगा दी। इस बीच आग इतनी भयानक हो गई कि कोई भी घर में घुसने की हिम्मत नहीं जुटा पाया। मौके पर पहुंचे दीपा के भाई अनुज (21) ने घर में घुसने का प्रयास किया, लेकिन वह भी झुलस गया। आखिरकार, दम घुटने से 25 वर्षीय डॉ. दीपा गुर्जर और उनके 6 वर्षीय बेटे की मौत हो गई।

बताया जा रहा है कि युवती डॉक्टर दंपती की क्लीनिक पर काम किया करती थी। पति से अफेयर की खबर लगने पर महिला डॉक्टर ने उसे निकाल दिया था। बावजूद, डॉक्टर और युवती का मिलना-जुलना जारी था। डॉक्टर ने उसे रहने के लिए मकान भी दे रखा था।

वारदात का पता लगने के बाद राजकीय आरबीएम अस्पताल में फिजीशियन डॉ. सुदीप गुप्ता के अलावा एसपी हैदर अली जैदी, सीओ सिटी हवा सिंह रायपुरिया भी मौके पर पहुंचे। देर रात तक मामले को लेकर पीड़ित पक्ष की ओर से कोई भी मामला दर्ज नहीं कराया गया था। पुलिस ने डॉ. सुदीप, उनकी पत्नी डॉ. सीमा व मां सुलेखा को हिरासत में लिया है। डॉ. सुदीप का शहर में काली बगीची इलाके में श्रीराम अस्पताल है।

मृतक दीपा को रहने के लिए दे रखा था मकान
डॉ. सुदीप और दीपा के रिश्ते से डॉ. सीमा नाराज थी। इसके बावजूद डॉ. सुदीप ने उसे 4 साल पहले खरीदे गए विला रहने के लिए दिया हुआ था। सूर्या सिटी कॉलोनी में स्थित यह मकान डॉ. सुदीप की पत्नी डॉ. सीमा गुप्ता के नाम पर है, जो उसने करीब 4 साल पहले खरीदा था। सुदीप ने दीपा गुर्जर को इसी मकान में अवैध रूप से रखा हुआ था।

ताजा अपडेट्स के लिए आप पञ्चदूत मोबाइल ऐप डाउनलोड कर सकते हैं, ऐप को इंस्टॉल करने के लिए यहां क्लिक करें..