जम्मू-कश्मीर में हिमस्खलन से 10 सैनिकों की मौत, कई हुए लापता

0
368

जम्मू-कश्मीर: बांदीपुरा जिले में नियंत्रण रेखा के समीप गुरेज सेक्टर में बुधवार शाम बर्फ का एक विशाल चट्टान सेना के शिविर पर आ गिरा जिससे कई सैनिक फंस गए और दस सैनिकों की मौत हो गई। एक अधिकारी ने बताया कि बचाव अभियान शुरू किया गया और एक जूनियर कमीशन प्राप्त अधिकारी समेत सात सैनिक बचा लिए गए। गुरुवार सुबह तीन सैनिकों के शव निकाले गए।

मिली जानकारी के मुताबिक दूसरा हिमस्खलन भी गुरेज सेक्टर में बुधवार ही शाम हुआ। उसकी चपेट में एक गश्ती दल आ गया जो अपनी चौकी पर जा रहा था। अधिकारी ने कहा, ‘‘बचाव दल घटनास्थल से तीन शव निकाल पाया । कुछ सैनिक अब भी लापता हैं।’ उन्होंने बताया कि कितने सैनिक लापता है, वह अबतक पता नहीं चल पाया है क्योंकि भारी हिमपात से बचाव अभियान में बाधा आ रही है।

बुधवार को मध्य कश्मीर में गंदेरबल जिले के सोनमर्ग में हिमस्खलन की चपेट में आने से एक अधिकारी की जान चली गयी थी । उधर, गुरेज सेक्टर में एक ही परिवार के चार सदस्य भी एक अन्य हिमस्खलन की भेंट चढ़ गये थे। प्रशासन ने नये हिमपात के चलते कश्मीरघाटी में बर्फ वाले क्षेत्रों में ऊंचाई पर हिमस्खलन आने की चेतावनी जारी की है। इन क्षेत्रों में तीन दिनों से रूक रूक कर हिमपात हो रहा है।