हनुमानगढ़। विशाखापटनम आंध्र प्रदेश मेडटेक जोन में आयोजित तीसरी नेशनल पैरा कबड्डी चैंपियनशिप में राजस्थान टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए हरियाणा को सेमीफ़ाइनल में हराकर फ़ाइनल में प्रवेश कर लिया है। लीग मुकाबलों से लेकर नॉकआउट चरण तक राजस्थान की टीम ने लगातार जीत दर्ज कर अपने दबदबे का परिचय दिया है।
टूर्नामेंट के लीग चरण में राजस्थान ने झारखंड को 22–2, तमिलनाडु को 54–13, मध्य प्रदेश को 70–18 और पंजाब को 54–13 से पराजित कर खुद को शीर्ष दावेदार के रूप में स्थापित किया।
इसके बाद बेहद रोमांचक क्वार्टरफ़ाइनल मुकाबले में महाराष्ट्र को 74–69 से मात देकर टीम ने सेमीफ़ाइनल में जगह बनाई। सेमीफ़ाइनल में हरियाणा के खिलाफ राजस्थान ने एकतरफ़ा खेल दिखाते हुए 32–13 से शानदार जीत दर्ज कर फ़ाइनल का टिकट कटाया।
राजस्थान टीम के इंचार्ज अर्जुना अवार्डी जगसीर सिंह ने बताया कि टीम ने पिछले वर्ष दूसरी नेशनल पैरा कबड्डी चैंपियनशिप में भी रजत पदक जीता था। उन्होंने कहा कि इस बार फ़ाइनल में पहुंचने के पीछे खिलाड़ियों की कड़ी मेहनत और अनुशासित प्रशिक्षण का बड़ा योगदान रहा है।
राजस्थान पैरा कबड्डी संघ की सचिव संदीप कौर और अध्यक्ष जितेंद्र गुप्ता ने टीम के फ़ाइनल में पहुंचने पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दीं।
टीम का पंद्रह दिवसीय विशेष प्रशिक्षण शिविर कोच सुनील कुमार सामरिया के नेतृत्व में अम्बेडकर भवन, हनुमानगढ़ में आयोजित किया गया था। इस प्रशिक्षण शिविर के आयोजन में राही सोशल वेलफेयर सोसायटी और जनसहयोग की अहम भूमिका रही।
राही सोशल वेलफेयर सोसायटी के अध्यक्ष योगेश कुमावत ने बताया कि राजस्थान टीम के खिलाड़ियों के लिए यह प्रशिक्षण शिविर समाजसेवी संस्था और स्थानीय लोगों के सहयोग से लगाया गया, ताकि खिलाड़ियों को बेहतर तैयारी का अवसर मिल सके।
उन्होंने यह भी बताया कि राजस्थान टीम को एडवोकेट शंकर सोनी (संस्थापक) द्वारा शहीद स्मारक से रवाना किया गया था, जिससे खिलाड़ियों में वीर शहीदों के आशीर्वाद से जीत का आत्मविश्वास और जुनून देखने को मिला।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।



































