– सामाजिक समरसता न्याय मंच की बैठक में प्रतिभा सम्मान समारोह का निर्णय
हनुमानगढ़। सामाजिक समरसता न्याय मंच की पूर्व निर्धारित बैठक सेन धर्मशाला में संपन्न हुई, जिसकी अध्यक्षता मंच के वरिष्ठ संरक्षक श्री मनीराम जी कारगवाल ने की। बैठक में 17 सितंबर को विश्वकर्मा जयंती को भव्य स्तर पर मनाने का निर्णय लिया गया। यह तय किया गया कि इस पावन अवसर को केवल धार्मिक आयोजन तक सीमित न रखते हुए मूल ओबीसी समाज की प्रतिभाओं को शिक्षा, खेल एवं अन्य क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया जाएगा।
सभा में उपस्थित सभी सदस्यों ने एकमत से इस आयोजन को “प्रतिभा सम्मान समारोह” के रूप में आयोजित करने के प्रस्ताव को पारित किया। कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए सभी सदस्यों से तन-मन-धन से सहयोग देने का आह्वान किया गया। बैठक में यह भी स्पष्ट किया गया कि जिला कार्यकारिणी द्वारा सौंपे गए दायित्वों को सभी पदाधिकारी और सदस्य पूरी निष्ठा व जिम्मेदारी के साथ निभाएं।
पूर्व में बनाए गए प्रभारी एवं सह-प्रभारी यथावत रहेंगे तथा उन्हीं तहसीलों में अपनी भूमिका निभाएंगे। बैठक में जिले की सभी तहसीलों और उप तहसीलों में वाहन रैली द्वारा आयोजन का प्रचार-प्रसार करने के लिए तीन सदस्यीय समिति का गठन किया गया। इस समिति में श्री सुरेंद्र मारवाल, श्री संदीप घोड़ेला एवं श्री अशोक सुथार को शामिल किया गया है, जो इस प्रचार रैली को मूर्त रूप देंगे।
कार्यक्रम की रूपरेखा तैयार करने की जिम्मेदारी पूर्व में गठित प्रारूप समिति को दी गई है, जो शीघ्र ही विस्तृत योजना प्रस्तुत करेगी। वहीं कार्यक्रम की वित्तीय व्यवस्था “वित्त समिति” द्वारा जिला कार्यकारिणी के निर्देशानुसार की जाएगी।
बैठक में प्रमुख रूप से श्री सुरेंद्र जालंधरा, श्री कृष्ण गहलोत, श्री विजयकृष्ण जाखड़, श्री देवीलाल भाटी, श्री मांगेराम सुथार, श्री राधेराम सुथार, श्री बलवीर सैनी, श्री बलराम भाटी, श्री ओम सेन, श्री राजेंद्र निमीवाल, श्री सोहनलाल वर्मा, श्री गुरतेज सिंह, श्री वीरेंद्र छापोला व अन्य सदस्य उपस्थित रहे।
समिति सचिव दुर्गादत्त सैनी ने सभी का आभार प्रकट करते हुए बताया कि 17 सितंबर को आयोजित कार्यक्रम को पूर्ण एकता, समर्पण और समरसता के साथ बिना किसी मतभेद के सफल बनाया जाएगा।
ताजा अपडेट्स के लिए आप पञ्चदूत मोबाइल ऐप डाउनलोड कर सकते हैं, ऐप को इंस्टॉल करने के लिए यहां क्लिक करें.. इसके अलावा आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।




































