दलित मजदूर के साथ जातीय उत्पीड़न, सिर पर कसे से वार

146

हनुमानगढ़। गांव जाखड़ावाली के एक दलित मजदूर के साथ मारपीट व जाति सूचक गालियों की गंभीर घटना को लेकर भीम आर्मी व आजाद समाज पार्टी ने पुलिस अधीक्षक हनुमानगढ़ को ज्ञापन सौंपकर नामजद आरोपी दलीप नाई की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है। पीड़ित जोगा सिंह ने बताया कि 22 जून 2025 को गांव जाखड़ावाली बस स्टैंड पर सीसी रोड निर्माण के दौरान बस वाले से सामान्य बातचीत हो रही थी, तभी मौके पर मौजूद दलीप नाई ने जातिसूचक गालियां दी और कसे से सिर पर हमला कर दिया।
घटना की शिकायत पीलीबंगा थाने में एफआईआर संख्या 379/2025 के तहत दर्ज की गई है, जिसमें भारतीय न्याय संहिता की धाराओं के साथ एससी/एसटी एक्ट की धाराएं भी जोड़ी गई हैं। पीड़ित के अनुसार घटना के समय पास की पुलिस चौकी के कार्मिक भी मौके पर पहुंचे, जो घटना के प्रत्यक्षदर्शी हैं और वीडियो फुटेज में भी घटना दर्ज है। पीड़ित का मेडिकल पीलीबंगा के सरकारी अस्पताल में हुआ, जिसमें सिर में गंभीर चोट की पुष्टि हुई।
गवाहों में रामकुमार, सोहनलाल, अमनदीप सिंह व जसप्रीत सिंह सहित अन्य लोगों ने पहले जांच अधिकारी और वर्तमान सीओ एससी/एसटी सेल रणवीर साईं के समक्ष भी बयान देकर आरोपी को दोषी ठहराया है।
जोगा सिंह ने ज्ञापन में यह भी बताया कि आरोपी दलीप नाई पर पहले से ही कई आपराधिक मामले दर्ज हैं, जिनमें अनुसूचित जाति के लोगों के नाम पर फर्जी हस्ताक्षर कर बैंकों से करोड़ों का लोन उठाने जैसे संगीन आरोप शामिल हैं। आरोपी के विरुद्ध हनुमानगढ़ टाउन व पीलीबंगा थानों में धोखाधड़ी, मारपीट और सरकारी कार्य में बाधा डालने जैसे अनेक मामले दर्ज हैं।
आजाद समाज पार्टी ने पुलिस अधीक्षक से मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच करवाई जाए और आरोपी दलीप नाई को तत्काल गिरफ्तार कर न्याय दिलाया जाए, ताकि गरीब व दलित समुदाय के लोगों को न्याय प्रणाली पर विश्वास बना रहे। इस घटना को लेकर मजहबी सिख समाज के लोगों में भी रोष व्याप्त है। इस मौके पर रेवंतराम, गोगा सिंह, रामकुमार, कुलदीप सिंह औलख, लाल चंद, परम शर्मा  सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद थे।

ताजा अपडेट्स के लिए आप पञ्चदूत मोबाइल ऐप डाउनलोड कर सकते हैं, ऐप को इंस्टॉल करने के लिए यहां क्लिक करें.. इसके अलावा आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।