अमरनाथ यात्रा: जमीन से लेकर आसमान तक कड़ी हुई सुरक्षा, इसबार ये है खास

0
317

नई दिल्ली: अमरनाथ यात्रा का पहला जत्था 27 जून को जम्मू के भगवती नगर आधार शिविर से रवाना होगा। इसके बाद 28 जून को कश्मीर के दोनों कैंपों पहलगाम तथा बालटाल से भक्तों को भेजा जाएगा। पहली बार आधार कैंप जम्मू में भक्तों के लिए एसी हाल बनवाए गए हैं, जबकि कश्मीर रूट पर पीने के लिए आरओ वाटर का इंतजाम किया गया है। बाबा के दर्शन के लिए अब देशभर में अलग-अलग बैंकों की 440 ब्रांचों से करीब दो लाख से अधिक भक्त पंजीकरण करवा चुके है। इस बार अमरनाथ यात्रा पर NSG की भी पूरी नजर होगी।

जम्मू कश्मीर के पुलिस महानिदेशक एसपी वैद ने बताया कि कश्मीर के अनंतनाग, कुलगाम, श्रीनगर, गांदरबल, पहलगाम, पुलवामा जिलों के अधीन आने वाले हाईवे पर पूरी तरह से ध्यान रहेगा। अनंतनाग से लेकर पांपोर तक का हाईवे सबसे अधिक खतरनाक है। यहां काफिलों पर आतंकी ग्रेनेड हमला कर सकते हैं। इसलिए हाईवे पर सुरक्षाकर्मियों की विशेष टुकड़ियां तैनात की जाएंगी। ताकि ऐसा करने वालों पर नजर रख सकें। अमरनाथ की सुरक्षा के लिए सभी उचित प्रबंध किए जा रहे हैं।

हम यहां आपको सुरक्षा के लिहाज से कई चीजों के बारें में नहीं बताएंगे लेकिन इतना बता दें कि कश्मीर के जिस तरह के हालात बनें हुए और जो पिछली यात्रा में हुआ इस बार प्रशासन ने इन सब चीजों से निपटने के लिए कड़ी सुरक्षा के इंतजाम पहले कर लिए। चप्पे-चप्पे पर पुलिस की नजर है।

एसी हाॅल में एक बार में 1300 लोग रुक सकेंगे 
पहली बार पर्यटक जम्मू के भगवती नगर आधार शिविर में एसी हाॅल में रहेंगे। यात्रा का पहला पड़ाव भगवती नगर आधार शिविर है। पर्यटन विभाग की निदेशक स्मिता सेठी ने बताया कि यहां 13 हाॅल हैं। यहां 1300 लोगों के रहने का इंतजाम है।

पीने के लिए आरओ का पानी मिलेगा मुफ्त
यात्रा के दोनों मार्गों पर हर दो किमी पर शुद्ध पानी उपलब्ध रहेगा। अमरनाथ यात्रा श्राइन बोर्ड की ओर से इस बार श्रद्धालुओं को आरओ का पानी उपलब्ध कराया जाएगा। इसके लिए ठेका निजी कंपनी को दिया गया है। 200 से अधिक आरओ लगाए जाएंगे। श्रीनगर के सेंट्रल स्टोर में 70 आरओ लगाए जाएंगे।

दोनों रूट पर होंगे 15 हजार यात्री और 120 लंगर
-बोर्ड के अधिकारियों ने बताया कि दोनों रूट पर 15 हजार यात्रियों को छोड़ा जाएगा। इसके अलावा हवाई मार्ग से जाने वाले यात्रियों की गिनती अलग है। तीन प्राइवेट कंपनियों के हेलिकाॅप्टर भक्तों को गुफा तक लेकर जाएंगे।
-दोनों रूट पर इस बार 120 लंगर होंगे। ये देशभर से आए लंगर कमेटी के लोगों की तरफ से लगाए जाएंगे। इनके खाने-पीने के सामान की हर रोज जांच की जाएगी। उसके बाद ही भक्तों को लंगर में भोजन करने दिया जाएगा।

गाड़ियों में डिवाइस और आसमान में ड्रोन 
गाड़ियों में पहली बार रेडियो फ्रीक्वेंसी डिवाइस लगेंगी। लोकेशन का पता चल सकेगा। मुसीबत में फंसते ही पुलिस- आर्मी पहुंच जाएगी। ड्रोन से भी नजर रखी जाएगी। जम्मू के लखनपुर से लेकर कश्मीर तक जाने वाले हर रास्ते पर ड्रोन नजर रखेगा।

सीआरपीएफ की एक महिला कंपनी होगी तैनात 
यात्रा के मुख्य आधार शिविर भगवती नगर में सीआरपीएफ की एक महिला कंपनी तैनात होगी। यह अभी बनतालाब सेंटर में है। जैसे ही यात्रा शुरू होगी इस कंपनी को शिविर में तैनात कर दिया जाएगा। ऐसा पहली बार हो रहा है। जब महिलाओं की पूरी एक कंपनी शिविर में मौजूद रहेगी। इस कंपनी में 90 महिलाएं होंगी।

ये भी पढ़े:

रूचि के अनुसार खबरें पढ़ने के लिए यहां किल्क कीजिए

ताजा अपडेट के लिए लिए आप हमारे फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल को फॉलो कर सकते हैं