श्री विश्वकर्मा सामुदायिक भवन में सम्मान समारोह, समाज की एकता और सरकारी योजनाओं की दी जानकारी

16

हनुमानगढ़। जांगिड़ सुथार समाज समिति की ओर से मंगलवार को हनुमानगढ़ आगमन पर श्री विश्वकर्मा कौशल विकास बोर्ड के चेयरमैन एवं राज्यमंत्री रामगोपाल सुथार का भव्य अभिनंदन किया गया। समिति अध्यक्ष राधेराम छड़िया के नेतृत्व में आयोजित सम्मान समारोह श्री विश्वकर्मा सामुदायिक भवन में संपन्न हुआ, जिसमें समाज के बड़ी संख्या में गणमान्य लोगों, युवाओं और वरिष्ठजनों ने भाग लिया।
समारोह के दौरान समाज के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने राज्यमंत्री रामगोपाल सुथार का माल्यार्पण कर, शॉल ओढ़ाकर एवं स्मृति चिह्न भेंट कर स्वागत एवं सम्मान किया। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने उनका गर्मजोशी से अभिनंदन करते हुए समाज हित में किए जा रहे कार्यों के लिए आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में उपखंड अधिकारी मांगीलाल सुथार एवं उपखंड अधिकारी सत्यनारायण सुथार ने भी शिरकत की।
अपने संबोधन में श्री विश्वकर्मा कौशल विकास बोर्ड के चेयरमैन एवं राज्यमंत्री रामगोपाल सुथार ने कहा कि केंद्र एवं राज्य सरकार समाज के सभी वर्गों के उत्थान के लिए अनेक जनकल्याणकारी योजनाएं संचालित कर रही हैं। उन्होंने विभिन्न स्वरोजगार, कौशल विकास, शिक्षा, सामाजिक सुरक्षा और युवाओं के लिए चलाई जा रही योजनाओं की जानकारी देते हुए कहा कि इन योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता है।
उन्होंने कहा कि विश्वकर्मा समाज सदैव अपनी मेहनत, कौशल और प्रतिभा के लिए जाना जाता रहा है। वर्तमान समय में कौशल आधारित रोजगार और स्वरोजगार के क्षेत्र में असीम संभावनाएं हैं, जिनका लाभ समाज के युवाओं को उठाना चाहिए। उन्होंने युवाओं से शिक्षा के साथ-साथ तकनीकी दक्षता और कौशल विकास पर विशेष ध्यान देने का आह्वान किया।
राज्यमंत्री सुथार ने समाज की एकजुटता पर बल देते हुए कहा कि किसी भी समाज की प्रगति उसकी एकता, संगठन और आपसी सहयोग पर निर्भर करती है। उन्होंने कहा कि सामाजिक समरसता और सामूहिक प्रयासों से ही समाज नई ऊंचाइयों को प्राप्त कर सकता है। उन्होंने समाज के लोगों से आपसी भाईचारे को मजबूत बनाने तथा नई पीढ़ी को शिक्षा और संस्कारों से जोड़ने का आह्वान किया।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।