– नशीली दवाओं के दुरुपयोग पर रोक लगाने और युवाओं को जागरूक करने का आह्वान
हनुमानगढ़। जिला कैमिस्ट एसोसिएशन एवं जिला खाद्य सुरक्षा एवं औषधि नियंत्रण विभाग, हनुमानगढ़ के संयुक्त तत्वावधान में नशा मुक्त भारत अभियान के तहत टाउन में जागरूकता कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला का उद्देश्य नशे के बढ़ते प्रचलन पर रोक लगाने, नशीली दवाओं के दुरुपयोग को नियंत्रित करने तथा युवाओं को इसके दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना रहा।
कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में एडीसी अजय कुमार सबल, औषधि नियंत्रण अधिकारी (डीसीओ) चन्द्रकांत शर्मा एवं डालेश्वरी उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला कैमिस्ट एसोसिएशन के सचिव महेंद्र कासनिया ने की। कार्यशाला में जिले के दवा विक्रेताओं, कैमिस्टों एवं संबंधित विभागों के अधिकारियों ने भाग लिया।
अपने संबोधन में एडीसी अजय कुमार सबल ने कहा कि नशा केवल व्यक्ति को ही नहीं बल्कि पूरे परिवार और समाज को प्रभावित करता है। उन्होंने कहा कि युवा वर्ग को नशे की गिरफ्त से बचाना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। प्रशासन नशीले पदार्थों और प्रतिबंधित दवाओं की अवैध बिक्री पर लगातार निगरानी रखे हुए है तथा दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने दवा विक्रेताओं से नियमों की पूर्ण पालना करते हुए केवल वैध चिकित्सकीय पर्चे पर ही दवाओं का विक्रय करने का आह्वान किया।
डीसीओ चन्द्रकांत शर्मा ने कहा कि कुछ दवाओं का दुरुपयोग नशे के रूप में किया जा रहा है, जिसे रोकना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने बताया कि औषधि नियंत्रण विभाग समय-समय पर निरीक्षण एवं जांच अभियान चलाकर नशीली दवाओं की अवैध बिक्री पर अंकुश लगाने का कार्य कर रहा है। उन्होंने कैमिस्टों से रिकॉर्ड संधारण, बिलिंग व्यवस्था तथा निर्धारित नियमों की पालना सुनिश्चित करने की अपील की।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।





































