भाजपा ने आत्मनिर्भर भारत अभियान को लेकर की प्रेस वार्ता

201
-जिलाध्यक्ष प्रमोद डेलू व विधायक संजीव बेनीवाल ने बताया- आत्मनिर्भर भारत का संदेश जन-जन तक पहुंचाना प्राथमिक लक्ष्य
हनुमानगढ़। भारतीय जनता पार्टी द्वारा चलाए जा रहे आत्मनिर्भर भारत अभियान को लेकर रविवार को भाजपा जिला कार्यालय हनुमानगढ़ में एक प्रेस वार्ता आयोजित की गई। प्रेस वार्ता में जिला अध्यक्ष प्रमोद डेलू, भादरा विधायक संजीव बेनीवाल, और आत्मनिर्भर भारत अभियान के जिला संयोजक डॉ. भारत भूषण शर्मा, सहसंयोजक अतुल शर्मा, जिला मीडिया प्रभारी कृृष्ण तायल सहित पार्टी पदाधिकारियों ने भाग लिया। इस अवसर पर उन्होंने अभियान के उद्देश्य घर घर स्वदेशी, हर घर स्वदेशी के नारे से जनता को जोड़ने की रणनीति पर विस्तार से जानकारी दी।
जिलाध्यक्ष प्रमोद डेलू ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने आत्मनिर्भरता की दिशा में ऐतिहासिक कदम बढ़ाए हैं। उनका कहना था कि भाजपा का यह अभियान सिर्फ आर्थिक स्वावलंबन तक सीमित नहीं है, बल्कि यह हर नागरिक को आत्मनिर्भर बनने की प्रेरणा देने का आंदोलन है। उन्होंने कहा कि स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देना, लघु उद्योगों को सशक्त बनाना और ‘वोकल फॉर लोकल’ की भावना को जन-जन तक पहुंचाना इस अभियान का प्रमुख उद्देश्य है।
विधायक संजीव बेनीवाल ने बताया कि यह अभियान 3 अक्टूबर से 25 दिसम्बर तक जिलेभर में चलाया जा रहा है, जिसके तहत विभिन्न स्तरों पर कार्यशालाएं, संवाद कार्यक्रम और जनजागरण रैलियां आयोजित की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि “आत्मनिर्भर भारत” की भावना तभी साकार होगी जब हर नागरिक देश के उत्पादों को अपनाएगा और स्वदेशी उद्यमों को सहयोग देगा।
आत्मनिर्भर भारत के जिला संयोजक डॉ. भारत भूषण शर्मा ने बताया कि अभियान के अंतर्गत युवाओं, महिलाओं और उद्यमियों के लिए विशेष सत्र आयोजित किए जा रहे हैं। इसमें रोजगार सृजन, कौशल विकास, नवाचार और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने पर विशेष फोकस रहेगा। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता गांव-गांव जाकर लोगों को सरकार की आत्मनिर्भर भारत से जुड़ी योजनाओं की जानकारी देंगे।
प्रेस वार्ता में जिला मीडिया प्रभारी कृष्ण तायल ने सभी का धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कहा कि आत्मनिर्भर भारत अभियान केवल राजनीतिक पहल नहीं, बल्कि यह राष्ट्र निर्माण की दिशा में जनभागीदारी का संकल्प है, जिसे भाजपा जिले के हर नागरिक तक पहुंचाने का कार्य करेगी।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।