पांच मेधावी विद्यार्थियों ने किया सीए का सपना साकार, दिव्यांश दादरी को ऑल इंडिया 13वीं रैंक पर मिला विशेष सम्मान

151

हनुमानगढ़ | भारतीय चार्टर्ड एकाउंटेंट्स संस्थान (ICAI) की हनुमानगढ़ शाखा (CIRC) द्वारा सीए फाइनल परीक्षा में सफलता का परचम लहराने वाले विद्यार्थियों और उनके परिवारों के सम्मान में एक भव्य अभिनंदन समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में शाखा की प्रबंधन समिति द्वारा सफल छात्र-छात्राओं और उनके अभिभावकों का गर्मजोशी से स्वागत किया गया।
प्रबंधन समिति ने किया मेधावियों का अभिनंदन
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए शाखा के अध्यक्ष सीए हर्ष जिंदल ने सभी सफल विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि यह सफलता उनकी वर्षों की तपस्या का परिणाम है। इस अवसर पर उपाध्यक्ष सीए रमेश कुमार, कोषाध्यक्ष सीए रमन गर्ग, सीिकासा (CICASA) अध्यक्ष सीए यश संदीप मित्तल और कार्यकारी सदस्य सीए ललित कुमार गर्ग ने नव-नियुक्त चार्टर्ड एकाउंटेंट्स—दिशा मित्तल, दिव्यांश दादरी, माणिक सिंगला, मनीष गोयल एवं अंकित बंग—को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया।
दिव्यांश दादरी की ऐतिहासिक उपलब्धि
समारोह में दिव्यांश दादरी के ऑल इंडिया 13वीं रैंक (AIR 13) हासिल करने पर विशेष गौरव व्यक्त किया गया। प्रबंधन समिति ने इसे शाखा के लिए एक ऐतिहासिक उपलब्धि बताया और विश्वास जताया कि दिव्यांश की यह सफलता क्षेत्र के अन्य विद्यार्थियों के लिए मार्गदर्शक बनेगी।
अभिभावकों की उपस्थिति ने बढ़ाया उत्साह
समारोह की खास बात यह रही कि इसमें सफल विद्यार्थियों के माता-पिता एवं अभिभावक भी बड़ी संख्या में मौजूद रहे। वक्ताओं ने कहा कि एक विद्यार्थी की सफलता के पीछे उसके परिवार का त्याग और सहयोग सर्वोपरि होता है। शाखा पदाधिकारियों ने अभिभावकों का भी विशेष आभार व्यक्त किया और उन्हें अपने बच्चों की इस गौरवमयी उपलब्धि पर बधाई दी।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।