LPG सिलेंडर की कमी (Gas Cylinder Crisis) का असर अब सीधे होटल और रेस्टोरेंट कारोबार पर दिखने लगा है। शहर के होटल और रेस्टोरेंट संगठन AHAR ने मंगलवार को बताया कि गैस सप्लाई में रुकावट के कारण अब तक करीब 20% होटल और रेस्टोरेंट बंद हो चुके हैं। संगठन ने चेतावनी दी है कि अगर अगले दो दिनों में गैस की सप्लाई ठीक नहीं हुई तो मुंबई के लगभग 50% होटल बंद होने की नौबत आ सकती है।
कई मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, मध्य प्रदेश, उत्तराखंड, महाराष्ट्र, पंजाब, राजस्थान, छत्तीसगढ़, हरियाणा, कर्नाटक, तेलंगाना और आंध्र प्रदेश में कॉमर्शियल गैस की सप्लाई पर फिलहाल रोक लगा दी गई है। इससे इन राज्यों रेस्टोरेंट्स और होटलों को बंद करने की खबर आ रही है।
AHAR के मुताबिक शहर के ज्यादातर होटल और रेस्टोरेंट कमर्शियल LPG सिलेंडर पर ही खाना बनाते हैं। ऐसे में सिलेंडर की सप्लाई रुकने या कम होने से किचन चलाना मुश्किल हो जाता है। संगठन का कहना है कि अभी कितने रेस्टोरेंट खुले रहेंगे, यह इस बात पर निर्भर करेगा कि उनके पास फिलहाल कितना LPG स्टॉक बचा हुआ है। अगर सप्लाई जल्द सामान्य नहीं हुई तो कई और होटल और रेस्टोरेंट को अस्थायी तौर पर बंद करना पड़ सकता है।
ये भी पढ़ें: थम गया दुनिया का सबसे बड़ा तेल रास्ता? देखिए VIDEO में कैसे लगी स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में लंबी लाइन
पहले 21 दिन का नियम लागू किया
पैनिक बुकिंग की वजह से डिमांड में अचानक आए उछाल को देखते हुए शुक्रवार को तेल कंपनियों ने घरेलू एलपीजी बुकिंग के लिए 21 दिन का लॉक-इन पीरियड लागू किया था। जिसे बढ़ाकर अब 25 दिन कर दिया गया है। इससे पहले बुकिंग को लेकर ऐसा कोई नियम नहीं था।
ये भी पढ़ें: LPG गैस बुकिंग ने फिर बदला नियम, अब 25 दिन बाद ही मिलेगा नया सिलेंडर, जानें कारण
ये भी पढ़ें: घरेलू सिलेंडर के दाम 60 रुपए बढ़े, इन 2 बड़ी वजहों से लगा आम जनता को बड़ा झटका
इन दो बड़ी वजहों से बढ़े गैस के दाम
1. स्ट्रेट ऑफ होर्मुज का रास्ता लगभग बंद
भारत के लिए सबसे बड़ी चिंता स्ट्रेट ऑफ होर्मुज को लेकर है। यह करीब 167 किलोमीटर लंबा समुद्री रास्ता है, जो फारस की खाड़ी को अरब सागर से जोड़ता है। ईरान से जुड़े सैन्य तनाव के कारण यह रास्ता फिलहाल सुरक्षित नहीं माना जा रहा है। खतरे को देखते हुए कई तेल टैंकर इस मार्ग से गुजरने से बच रहे हैं। दुनिया के करीब 20% पेट्रोलियम की सप्लाई इसी रास्ते से होती है। सऊदी अरब, इराक और कुवैत जैसे देश अपने तेल निर्यात के लिए इसी मार्ग पर निर्भर हैं।भारत भी अपनी जरूरत का करीब 50% कच्चा तेल और 54% LNG इसी रास्ते से मंगाता है, इसलिए इसका असर सीधे भारत पर पड़ता है।

2. ड्रोन हमलों के बाद LNG उत्पादन पर असर
हाल ही में अमेरिका और इजराइल द्वारा ईरान पर किए गए हमलों के बाद क्षेत्र में तनाव और बढ़ गया है। इसके जवाब में ईरान ने UAE, कतर, कुवैत और सऊदी अरब में मौजूद अमेरिकी ठिकानों और पोर्ट्स को निशाना बनाया है। इन हमलों के बाद भारत को गैस सप्लाई करने वाले प्रमुख देश कतर ने अपने LNG प्लांट का उत्पादन अस्थायी रूप से रोक दिया है। भारत अपनी कुल LNG जरूरत का लगभग 40% (करीब 2.7 करोड़ टन सालाना) कतर से आयात करता है। ऐसे में उत्पादन रुकने से गैस की सप्लाई प्रभावित होने का खतरा बढ़ गया है।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।





































