महंगाई व गैस सिलेंडर की किल्लत के विरोध में कांग्रेस का प्रदर्शन

99

-सुभाष चौक पर कार्यकर्ताओं ने जताया आक्रोश, नेताओं ने सरकार पर साधा निशाना
हनुमानगढ़। बढ़ती महंगाई और एलपीजी गैस सिलेंडर की किल्लत को लेकर शहर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के तत्वावधान में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने टाउन के सुभाष चौक पर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शन का नेतृत्व ब्लॉक अध्यक्ष जिनेन्द्र जैन बेबी ने किया। इस दौरान बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे और केंद्र व राज्य सरकार के खिलाफ नारेबाजी कर आमजन की समस्याओं को प्रमुखता से उठाया।
प्रदर्शन को संबोधित करते हुए पीसीसी सदस्य भुपेन्द्र चौधरी ने कहा कि आज आम आदमी महंगाई की मार से पूरी तरह त्रस्त हो चुका है। रसोई गैस के दाम लगातार बढ़ रहे हैं, जिससे गरीब और मध्यम वर्ग के परिवारों का बजट पूरी तरह बिगड़ गया है। उन्होंने कहा कि एक समय था जब आम आदमी आसानी से गैस सिलेंडर भरवा लेता था, लेकिन आज हालात ऐसे हो गए हैं कि लोग सिलेंडर लेने से पहले कई बार सोचने को मजबूर हैं। चौधरी ने आरोप लगाया कि सरकार आमजन की समस्याओं से पूरी तरह बेखबर है और महंगाई पर नियंत्रण करने में विफल रही है।
ब्लॉक अध्यक्ष जिनेन्द्र जैन बेबी ने अपने संबोधन में कहा कि एलपीजी गैस सिलेंडर की किल्लत ने लोगों की परेशानी को और बढ़ा दिया है। उन्होंने कहा कि शहर में कई स्थानों पर गैस की समय पर आपूर्ति नहीं हो रही, जिससे लोगों को लंबी प्रतीक्षा करनी पड़ रही है। उन्होंने सरकार से मांग की कि गैस की नियमित आपूर्ति सुनिश्चित की जाए और बढ़ती कीमतों पर तुरंत नियंत्रण किया जाए, अन्यथा कांग्रेस पार्टी सड़कों पर उतरकर और बड़ा आंदोलन करेगी।
पंचायत समिति के पूर्व प्रधान दयाराम जाखड़ ने कहा कि महंगाई ने गांव से लेकर शहर तक हर वर्ग को प्रभावित किया है। उन्होंने कहा कि खाद्य सामग्री से लेकर पेट्रोल-डीजल और गैस सिलेंडर तक हर चीज महंगी हो चुकी है। इससे किसानों, मजदूरों और आम नागरिकों की स्थिति बेहद कठिन हो गई है। उन्होंने सरकार से जनहित में ठोस कदम उठाने की मांग की।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।