बेंगलुरु से एक दिल दहला देने (Bengaluru murder case) वाला मामला सामने आया है, जहां एक युवती ने अपने ही प्रेमी को कथित तौर पर बेहद खौफनाक तरीके से मौत के घाट उतार दिया। पुलिस के अनुसार, युवती ने पहले प्रपोज़ करने के बहाने युवक को घर बुलाया, फिर उसे कुर्सी से बांधकर आग लगा दी और पूरी घटना को कैमरे में कैद किया। यह घटना बेंगलुरु के बयादरहल्ली थाना क्षेत्र की बताई जा रही है।
आरोपी युवती की पहचान प्रेमा उर्फ प्रेरणा के रूप में हुई है, जबकि मृतक का नाम किरण बताया जा रहा है। दोनों की उम्र 27 वर्ष थी और वे पिछले एक साल से रिलेशनशिप में थे। दोनों राजाजीनगर के पास एक मोबाइल स्टोर में साथ काम करते थे।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, पिछले कुछ समय से उनके रिश्ते में तनाव चल रहा था। युवती को शक था कि किरण उससे दूरी बना रहा है और उसे पर्याप्त ध्यान नहीं दे रहा।
‘विदेशी स्टाइल’ प्रपोज़ल का दिया झांसा
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, घटना वाले दिन युवती ने किरण को अपने घर बुलाया, जहां उस समय कोई और मौजूद नहीं था। उसने किरण से कहा कि वह उसे विदेशी स्टाइल से प्रेरित एक खास अंदाज में प्रपोज़ करना चाहती है। किरण ने उस पर भरोसा किया और उसके घर पहुंच गया।

बताया जा रहा है कि युवती ने इस पूरे घटनाक्रम को रिकॉर्ड भी किया।आरोप है कि युवती ने पहले किरण से कपड़े आंशिक रूप से उतरवाए, फिर उसकी आंखों पर पट्टी बांधी और हाथ-पैर कुर्सी से बांध दिए। जब किरण ने रस्सियों के ज्यादा कसे होने पर सवाल किया, तो उसने इसे प्रपोज़ल का हिस्सा बताकर उसे भरोसा दिलाया। कुछ ही देर बाद युवती ने कथित तौर पर उस पर मिट्टी का तेल डालकर आग लगा दी।

पुलिस ने आरोपी युवती को हिरासत में ले लिया है। पूछताछ के दौरान उसने अपराध कबूल कर लिया है। डिप्टी कमिश्नर ऑफ पुलिस डीएल नागेश के अनुसार, दोनों के बीच संबंध थे, लेकिन युवती को लग रहा था कि युवक उसे नजरअंदाज कर रहा है। इसी वजह से उसने यह कदम उठाया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और पूरे घटनाक्रम की कड़ियों को जोड़ने में जुटी हुई है।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।






































