हरियाणा के गुरुग्राम के सेक्टर 57 स्थित सुशांत लोक फेस-2 से एक घटना सामने आयी है। जहां एक पिता ने अपनी बेटी को गोली मारकर हत्या कर दी। परिजन के मुताबिक, 25 साल की इंटरनेशनल टेनिस प्लेयर राधिका यादव (Radhika Yadav) की उसके ही पिता ने गोली मारकर हत्या कर दी। पिता ने टेनिस एकेडमी खोलने के लिए सवा करोड़ रुपए दिए थे। एक महीने बाद ही उन्होंने एकेडमी बंद करने के लिए बेटी पर दबाव बनाना शुरू कर दिया था।
पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि राधिका टेनिस एकेडमी चलाती थीं, जिससे अच्छी कमाई हो रही थी। उसके पिता दीपक यादव को लोग ताने मारते थे कि बेटी की कमाई खा रहा है। आरोपी पिता ने उसे टेनिस एकेडमी बंद करने को कहा। लेकिन, राधिका नहीं मानी और दोनों के बीच बहस हो गई। जिसके बाद आरोपी ने गुस्से में आकर उसे गोलियां मार दीं। हालांकि, पहले सोशल मीडिया पर रील बनाने को लेकर हत्या करने की बात सामने आई थी, लेकिन पुलिस ने इससे इनकार किया है।
राधिका यादव के चाचा ने बताया घटनाक्रम
आरोपी दीपक के भाई कुलदीप यादव ने पुलिस से शिकायत की है। कुलदीप ने बताया कि गुरुवार सुबह दीपक का अपनी बेटी राधिका के साथ एकेडमी बंद करने को लेकर विवाद हुआ था। जब राधिका किचन में खाना बना रही थी, उसी वक्त दीपक ने पीछे से उसे अपनी लाइसेंसी पिस्टल से 3 गोलियां मार दीं। मैं और मेरा बेटा उसे एशिया मैरिंगो अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
कुलदीप ने कहा कि मेरे भाई ने पाॅइंट थ्री टू बोर की पिस्टल का इस्तेमाल किया और वह उसी की थी, जिसका लाइसेंस भी है। राधिका किचन में खून से लथपथ पड़ी थी और दीपक भी पास में बैठा था। सूचना मिलते ही पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने दीपक को हिरासत में ले लिया।
ये भी पढ़ें: खून के धब्बे देख स्कूल ने की ‘पीरियड चेकिंग’, छात्राओं से जबरन कपड़े उतरवाए
पुलिस जांच में पिता ने कबूला जुर्म
सेक्टर थाना 57 के प्रभारी विनोद कुमार ने बताया कि आरोपी दीपक बिल्डर है। फ्लैट बनाकर किराए पर देता है। पूछताछ में दीपक ने कहा कि राधिका बड़ी खिलाड़ी थी। नेशनल और इंटरनेशनल लेवल पर कई पदक जीत चुकी थी। इस बात पर पूरे परिवार को गर्व था। मैं भी बेटी राधिका पर गर्व करता था।
दीपक ने आगे कहा कि जब मैं दूध लेने जाता था तो लोग ताना मारते थे। कहते थे तेरी बेटी तो बढ़िया पैसा कमा रही है। तेरे मजे हैं, तू बेटी की कमाई खा रहा है। मजे हैं तेरे और तेरे परिवार के। लोगों की यह बात मुझे चुभती थी। मैंने कई बार इस बारे में राधिका से भी बात की थी।
मैंने राधिका से कहा था कि ये एकेडमी बंद कर दे। हमारा परिवार संपन्न है, कोई दिक्कत नहीं होगी। इस पर राधिका ने कहा था कि लोग क्या कहते हैं, मुझे इसकी परवाह नहीं है। खेल ने उसका करियर बनाया है, तो इससे पैसा कमाना कौन सी बुरी बात है।
ये भी पढ़ें: कौन है छांगुर बाबा? हिंदू बेटियों का धर्मांतरण कराने वाला ‘रेटकार्ड’ चौंका देगा, जानिए पूरा मामला
दीपक ने आगे कहा कि गुरुवार को भी मैंने राधिका से एकेडमी न जाने के लिए कहा था, मगर वह नहीं मानी। मुझसे झगड़ने लगी। लोगों के तानों की वजह से मैं काफी परेशान हो चुका था। ऐसे में जब बेटी नहीं मानी तो अपनी लाइसेंसी पिस्टल से उसे गोली मार दी।
हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ने के लिए यहां क्लिक करें

कौन है राधिका यादव
राधिका यादव नेशनल स्तर की टेनिस खिलाड़ी थीं। 23 मार्च, 2000 को जन्मी राधिका ने कई इंटरनेशनल टेनिस फेडरेशन (ITF) और विमेंस टेनिस एसोसिएशन (WTA) टूर्नामेंट्स में भाग लिया था। राधिका के करियर की हाई ITF रैंकिंग लगभग 1638 रही है। राधिका ने महिला युगल वर्ग में हरियाणा में पांचवां स्थान हासिल किया।
AITA गर्ल्स अंडर-18 वर्ग में राधिका 22 जनवरी, 2018 को 75वें स्थान पर पहुंचीं थी। AITA विमेन सिंगल्स में वे 12 फरवरी, 2018 को 35वें स्थान पर पहुंचीं थीं। विमन डबल्स में 5 अप्रैल, 2021 को राधिका का सर्वश्रेष्ठ 53वां स्थान रहा। विमन डबल्स में टॉप 100 में 112 हफ्ते तक अपना स्थान बनाए रखा। AITA विमन सिंगल्स में टॉप 100 में जगह बनाने वाली राधिका हरियाणा की केवल चार खिलाड़ियों में से एक थीं। 4 नवंबर 2024 तक विमन डबल्स में उनकी आईटीएफ रैंकिंग 113 करियर की सर्वश्रेष्ठ रैंक थीं।
राधिका जून 2024 में ट्यूनीशिया में हुए W15 टूर्नामेंट में पहुंची थीं। इसके अलावा फरवरी 2017 में ग्वालियर में हुए मैच में राधिका का सामना ताइवान की खिलाड़ी हसीन-युआन शिह से हुआ था। राधिका का रजिस्ट्रेशन ऑल इंडिया टेनिस एसोसिएशन (AITA) में भी है।
ताजा अपडेट्स के लिए आप पञ्चदूत मोबाइल ऐप डाउनलोड कर सकते हैं, ऐप को इंस्टॉल करने के लिए यहां क्लिक करें.. इसके अलावा आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।




































