-राजस्थान में हरियाणा की तर्ज पर कॉन्ट्रेक्टर बोर्ड गठित करने की उठी मांग, संगठनात्मक विषयों पर भी हुई चर्चा
हनुमानगढ़। भारतीय मजदूर संघ राजस्थान के प्रदेश पदाधिकारियों एवं उद्योग प्रभारियों की बैठक शुक्रवार को हनुमानगढ़ जंक्शन स्थित जाट भवन में आयोजित हुई। बैठक में संगठन की गतिविधियों, श्रमिकों की समस्याओं तथा संगठित एवं असंगठित क्षेत्र के कर्मचारियों से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। अध्यक्षता प्रदेशाध्यक्ष राजेन्द्र डाबी ने की।
बैठक में प्रदेश महामंत्री मुकेश सोलंककी, प्रदेश उपाध्यक्ष गोरी शंकर व्यास, प्रदेश मंत्री आनन्द प्रताप सिंह, प्रदेश उपाध्यक्ष लाखन गुर्जर, प्रदेश मंत्री मोहनलाल माली एवं कार्यालय मंत्री महेश चतुर्वेदी सहित संगठन के पदाधिकारियों ने भाग लिया। वक्ताओं ने अतिथियों को जिले में भारतीय मजदूर संघ की ओर से किए जा रहे संगठनात्मक कार्यों एवं गतिविधियों की जानकारी दी। साथ ही पिछली बैठक में लिए गए निर्णयों की प्रगति पर भी चर्चा की गई।
बैठक में रोडवेज एवं विद्युत क्षेत्र से जुड़े कर्मचारियों के विषयों पर भी विचार-विमर्श हुआ। प्रदेशाध्यक्ष राजेन्द्र डाबी ने ने कहा कि भारतीय मजदूर संघ की प्राथमिकता देशहित के साथ कर्मचारी एवं श्रमिक हितों की रक्षा करना है। संगठित एवं असंगठित दोनों क्षेत्रों में कार्यरत ठेका मजदूरों की समस्याओं को बैठक में महत्वपूर्ण विषय के रूप में रखा गया। पदाधिकारियों ने कहा कि ठेका श्रमिकों को मिलने वाले अधिकारों, पारिश्रमिक एवं अन्य सुविधाओं से जुड़े मामलों में प्रभावी व्यवस्था की आवश्यकता है।
बैठक में प्रदेश महामंत्री मुकेश सोलंकी ने कहा कि राजस्थान में हरियाणा सरकार की तर्ज पर कॉन्ट्रेक्टर बोर्ड के गठन की मांग प्रमुखता से उठाई गई। पदाधिकारियों ने कहा कि ठेका व्यवस्था में श्रमिक और सरकार के बीच ठेकेदार की भूमिका को समाप्त करने की दिशा में प्रभावी कदम उठाए जाने चाहिए। श्रमिकों के वेतन से होने वाली निर्धारित कटौतियों का लाभ सीधे सरकार एवं संबंधित श्रमिकों तक पहुंचे, इसके लिए पारदर्शी व्यवस्था विकसित की जानी चाहिए। वक्ताओं ने कहा कि कॉन्ट्रेक्टर बोर्ड के गठन से ठेका श्रमिकों से जुड़े मामलों की निगरानी और उनके हितों की सुरक्षा के लिए संस्थागत व्यवस्था विकसित हो सकती है।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।


































