प्रशासन से सिंचाई व्यवस्था बहाल करने की मांग

124

हनुमानगढ़। चक संख्या 10 एचएमएच में मुताबिक चक प्लान पक्का जलमार्ग निर्माण एवं जलमार्ग की गैर मुमकिन भूमि पर किए गए अतिक्रमण को हटाने की मांग को लेकर प्रभावित काश्तकारों ने कांग्रेस जिलाध्यक्ष मनीष मक्कासर के नेतृत्व में प्रशासन का ध्यान आकर्षित किया। किसानों ने अपर जिला कलेक्टर हनुमानगढ़ को ज्ञापन सौंपते हुए शीघ्र कार्रवाई की मांग की।
ग्रामीणों ने कहा कि चक 10 एचएमएच में गैर मुमकिन खाला भूमि पर अतिक्रमण होने से क्षेत्र की सिंचाई व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित हो चुकी है। पिछले दो फसली चक्र से किसानों को नहरी पानी नहीं मिल पा रहा है, जिससे उन्हें भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि किसानों की आजीविका नहरों पर निर्भर है और प्रशासन की उदासीनता के चलते किसान लगातार परेशान हो रहे हैं।
ग्रामीणों ने बताया कि इस संबंध में जल संसाधन विभाग द्वारा पूर्व में कई बार पत्राचार किया जा चुका है। सहायक अभियंता जल संसाधन उपखंड हनुमानगढ़ द्वारा 22 अगस्त 2025 को उपखंड अधिकारी हनुमानगढ़ को मौका मजिस्ट्रेट एवं पुलिस जाब्ता उपलब्ध करवाने के लिए पत्र लिखा गया था। बाद में मुख्य अभियंता जल संसाधन उत्तर हनुमानगढ़ द्वारा 15 दिसंबर 2025 को अपर जिला कलेक्टर को भी इस विषय में अवगत करवाया गया, लेकिन अब तक अतिक्रमण हटाने की कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। उन्होंने कहा कि किसानों द्वारा 19 दिसंबर 2025 को व्यक्तिगत रूप से प्रशासन के समक्ष अपनी समस्या रखी गई थी, इसके बावजूद आज तक न तो पुलिस जाब्ता उपलब्ध कराया गया और न ही पक्का खाला निर्माण का कार्य शुरू हो पाया। यह स्थिति प्रशासनिक लापरवाही को दर्शाती है।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि यदि शीघ्र ही अतिक्रमण हटाकर सिंचाई व्यवस्था बहाल नहीं की गई, तो किसान आंदोलन करने को मजबूर होंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी। उन्होंने मांग की कि तत्काल प्रभाव से मौका मजिस्ट्रेट की उपस्थिति में पुलिस जाब्ता उपलब्ध करवाकर खाला भूमि से अतिक्रमण हटाया जाए और पक्का जलमार्ग निर्माण कराया जाए।
इस दौरान प्रभावित काश्तकारों ने भी अपनी पीड़ा व्यक्त करते हुए कहा कि समय पर पानी नहीं मिलने से फसलों को नुकसान हो रहा है। ज्ञापन में फिरोज खां नागरा,सुनील टाक, रामेश्वर लाल, सुखदेव टाक, गुरजन्ट सिंह,जाकिर खाँ, रजीराम टाक, गंगाविशन टाक, बलराम टाक,संतराम, श्रवण सिंह, मेनपाल, कृष्ण कुमार,सरदूल सिंह, भगवाना राम पिंगोरिया, मोहन सिंह, ओमप्रकाश आदि चक 10 एचएमएच के बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे और सभी ने एक स्वर में प्रशासन से न्याय की मांग की।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।