भवन एवं सन्निर्माण मजदूर संघ का जिला अधिवेशन सम्पन्न

40

-श्रमिक हितों की विभिन्न मांगों पर हुआ मंथन, सरकार से शीघ्र समाधान की उठी मांग
हनुमानगढ़। भारतीय मजदूर संघ से संबद्ध भवन एवं सन्निर्माण मजदूर संघ का एक दिवसीय जिला अधिवेशन शनिवार को जाट भवन में सम्पन्न हुआ। अधिवेशन में जिलेभर से बड़ी संख्या में भवन निर्माण श्रमिकों और संगठन पदाधिकारियों ने भाग लेकर श्रमिकों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विचार-विमर्श किया।
अधिवेशन के मुख्य अतिथि भवन एवं सन्निर्माण बोर्ड के सदस्य एवं भारतीय मजदूर संघ के प्रदेश उपाध्यक्ष गौरीशंकर व्यास, भाजपा नेता अमित चौधरी, जलदाय विभाग के प्रदेश महामंत्री इन्द्राज घोटिया, बीएमएस जिलाध्यक्ष कुलदीप शर्मा, जिला महामंत्री कुलदीप सिरावता, बीएमएस संगठन मंत्री ओम गोदारा, जिला मीडिया प्रभारी गुरमुख सिंह, रोड़वेज संभाग अध्यक्ष सुरेन्द्र करीर मौजूद रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता भवन एवं सन्निर्माण मजदूर संघ जिलाध्यक्ष अनिल यादव ने की।
मुख्य अतिथि गौरीशंकर व्यास ने अपने संबोधन में कहा कि भवन निर्माण मजदूर देश की अर्थव्यवस्था की मजबूत नींव हैं, लेकिन आज भी उन्हें मूलभूत सुविधाओं और योजनाओं का पूरा लाभ नहीं मिल पा रहा है। उन्होंने कहा कि भारतीय मजदूर संघ लगातार श्रमिकों के अधिकारों और सामाजिक सुरक्षा के लिए संघर्ष कर रहा है तथा मजदूरों की आवाज सरकार तक मजबूती से पहुंचाई जाएगी।
भाजपा नेता अमित चौधरी ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकारें श्रमिकों के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध हैं। उन्होंने कहा कि मजदूरों के बच्चों को शिक्षा, स्वास्थ्य और सुरक्षा उपलब्ध कराना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। सरकार द्वारा संचालित योजनाओं का अधिकाधिक लाभ श्रमिकों तक पहुंचे, इसके लिए संगठन और प्रशासन को मिलकर कार्य करना होगा।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।