वृद्ध महिला ने बेटे पर लगाया मकान कब्जाने और चोरी का आरोप

32

– एसपी को शिकायत देकर मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की मांग
हनुमानगढ़। अराईयावाली निवासी एक वृद्ध महिला ने अपने ही बड़े बेटे और उसके परिवार पर मकान पर कब्जा करने, ताला तोड़कर घर में घुसने तथा सोने के आभूषण चोरी करने का आरोप लगाते हुए जिला पुलिस अधीक्षक को शिकायत सौंपकर मुकदमा दर्ज करने की मांग की है।
शिकायतकर्ता चावली देवी पत्नी सही राम ने बताया कि वह वृद्ध एवं बीमार महिला है तथा अपने पुत्र पूर्णाराम के साथ वार्ड नंबर 5 अराईयावाली स्थित मकान में रहती है। उन्होंने बताया कि उनका पुत्र पूर्णाराम भी हार्ट मरीज है और नाड़ी ब्लॉकेज की बीमारी से पीड़ित है। दोनों की देखभाल उनकी पुत्री गिरदावरी और दोहिते द्वारा की जाती है।
प्रार्थना पत्र में आरोप लगाया गया है कि 22 फरवरी 2026 को वह अपने दोहिते के साथ दवाई लेने गई हुई थी। इसी दौरान उनका बड़ा पुत्र रामस्वरूप, जो कई वर्षों से अलग रह रहा है, कथित रूप से मकान हड़पने की नीयत से घर का ताला तोड़कर अंदर घुस गया और सामान चोरी कर अपने ताले लगा दिए। इस संबंध में पूर्णाराम द्वारा पुलिस थाना हनुमानगढ़ टाउन में शिकायत दी गई थी, जिसके बाद पुलिस ने मकान खाली करवाकर पुनः चावली देवी को कब्जा दिलवाया। महिला ने बताया कि उक्त मकान को लेकर सिविल न्यायालय में मामला विचाराधीन है, लेकिन रामस्वरूप को किसी प्रकार की स्थगन राहत प्राप्त नहीं है।
महिला ने आगे आरोप लगाया कि 13 मई 2026 को वह और उसका पुत्र इलाज के लिए अपने दोहिते के पास गए हुए थे। पीछे से रामस्वरूप, उसके पुत्र राजकुमार और हनुमान तथा उसकी पत्नी सोना देवी ने एकराय होकर घर का ताला तोड़ दिया और मकान में प्रवेश कर कब्जा कर लिया। आरोप है कि इस दौरान घर में रखे सोने का टिक्का और पौती सहित सोने की टूम भी चोरी कर ली गई।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।