पूरे उत्तर भारत में ठंड और कोहरे से यातायात प्रभावित, 81 ट्रेनें लेट, 3 रद्द

0
283

नई दिल्ली: दिल्ली-एनसीआर समेत पूरे उत्तर भारत में कोहरे और धुंध के साथ ठंड बढ़ गई है। दिल्ली-एनसीआर में आज सुबह तड़के से ही कोहरा छाया हुआ है जिसकी वजह से सड़क और रेल यातायात प्रभावित हुआ है। मौसम विभाग की माने तो वेस्टर्न डिर्स्टबेन्स के चलते दिल्ली समेत पूरे उत्तर भारत में ठंड बढ़ गई है।

रेल विभाग से मिली जानकारी के अनुसार अब तक इस कोहरे की वजह से 81 ट्रेनें लेट हो गई हैं। जबकि 3 ट्रेनों को रद्द कर दिया गया है। इसके अलावा 16 ट्रेनों के समय में परिवर्तन किया गया है।

इतना ही नहीं, कोहरे के कारण दिल्ली के अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे 8 अंतरराष्ट्रीय फ्लाइटों में देरी हुई है और तीन को डाइवर्ट कर अन्य हवाई अड्डों पर भेजा गया है। कोहरे की वजह से 5 घरेलू उड़ानों में भी देरी हुई है।

कालका मेल 19 घंटे लेट
हावड़ा से कालका आने वाली हावड़ा मेल मंगलवार को अपने निर्धारित समय से 19 घंटे की देरी से यहां पहुंची। इसके चलते वापसी निर्धारित समय 1.10 के बदले बुधवार सुबह 5 बजे होने की संभावना जताई गई। वहीं इलाहाबाद से चंडीगढ़ आने वाली ऊंचाहार एक्सप्रेस भी 15.30 घंटे की देरी से यहां पहुंची। इसके चलते चंडीगढ़ से लखनऊ जाने वाली सद्भावना एक्सप्रेस भी अपने निर्धारित समय से 12 घंटे की देरी से रवाना हुई।