हनुमानगढ़। टाउन स्थित राजवी पैलेस में 27 सितम्बर को चौथा गरबा महोत्सव आयोजित होगा। यह आयोजन शाम 5:30 बजे से प्रारंभ होगा। बुधवार को जंक्शन में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में कार्यक्रम की जानकारी देते हुए आयोजिका सुरुचि मदान ने बताया कि गरबा महोत्सव का आयोजन हनुमानगढ़ में लगातार चार वर्षों से किया जा रहा है। इस बार भी गरबा की भव्य प्रस्तुति के साथ दर्शकों को गुजरात की संस्कृति का अनुभव कराया जाएगा।
उन्होंने बताया कि गरबा का आयोजन गुजरात से प्रेरित है। गुजरात में नवरात्रों के दौरान माता रानी की आराधना के लिए गरबा नृत्य किया जाता है। उसी परंपरा को हनुमानगढ़ में भी जीवंत करने का प्रयास किया जा रहा है, ताकि यहां के लोग विशेषकर युवा वर्ग गुजरात की समृद्ध सांस्कृतिक धरोहर से जुड़ें और उसे आगे बढ़ा सकें। उन्होंने कहा कि इस महोत्सव का उद्देश्य सिर्फ मनोरंजन ही नहीं बल्कि सांस्कृतिक जागरूकता और समाज में सकारात्मक संदेश देना है।
इस मौके पर आयोजन समिति के सदस्य पार्षद मदन बाघला ने कहा कि कार्यक्रम से प्राप्त सहयोग राशि समाजोपयोगी कार्यों में खर्च की जाएगी। इसमें जरूरतमंद कन्याओं के विवाह, निर्धन बच्चों को पाठ्य सामग्री वितरण और उनकी शिक्षा-सहायता जैसी योजनाओं को शामिल किया गया है। इस प्रकार यह आयोजन समाज सेवा से भी जुड़ा रहेगा।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया गया कि इस बार गरबा महोत्सव में हरियाणवी लोक संगीत की लोकप्रिय गायिकाएं शिवा चौधरी और कोमल चौधरी अपनी शानदार प्रस्तुति देंगी। उनके गीत और स्वर गरबा की रंगीनियों को और भी आकर्षक बनाएंगे।
आयोजन समिति के सदस्य भारत भूषण कौशिक ने कहा कि इस आयोजन से हनुमानगढ़ की जनता को सांस्कृतिक विविधता का अनुभव मिलेगा। शहर का युवा वर्ग भी इस तरह के आयोजनों से भारतीय परंपरा और संस्कृति को आत्मसात करेगा।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।



































