आयुष मिशन के 10 दिवसीय आयुर्वेदिक चिकित्सा शिविर का भव्य समापन

130
– 4500 से अधिक लोग लाभान्वित, 105 बवासीर ऑपरेशन सफल, अतिथियों ने सराहा आयुर्वेदिक उपचार
हनुमानगढ़। राष्ट्रीय आयुष मिशन एवं आयुष मंत्रालय, भारत सरकार के तत्वावधान में जंक्शन स्थित दुर्गा मंदिर धर्मशाला में आयोजित 10 दिवसीय निशुल्क आयुर्वेदिक क्षार सूत्र शल्य चिकित्सा एवं रोग निदान शिविर का बुधवार को समारोहपूर्वक समापन किया गया। समापन समारोह में बड़ी संख्या में चिकित्सक, समाजसेवी, स्वयंसेवक एवं आमजन उपस्थित रहे। कार्यक्रम का आयोजन उत्साहपूर्ण वातावरण में किया गया, जिसमें शिविर की उपलब्धियों और सेवाओं की सराहना की गई।
समारोह के मुख्य अतिथि राजस्व अधिकारी रणवीर फुले रहे। विशिष्ट अतिथियों में रोटरी क्लब अध्यक्ष आशीष गुप्ता, कुणाल गोयल, मिताली अग्रवाल, लायंस क्लब अध्यक्ष रामनिवास मंडल, दुर्गा मंदिर धर्मशाला अध्यक्ष महेश जसूजा, प्रेम रतन, रामेश्वर भांभू एवं राजेंद्र स्वामी उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता आयुर्वेद विभाग के उपनिदेशक डॉ. तीर्थ कुमार शर्मा ने की। मंच संचालन भीष्म कौशिक द्वारा किया गया।
मुख्य अतिथि राजस्व अधिकारी रणवीर फुले ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा लगाया गया यह शिविर बेहद सराहनीय है इससे लोगों को आयुर्वेद पद्धति के बारे में तो पता चलेगा साथ ही अंग्रेजी दवाइयां से होने वाले नुकसान से भी बचाव मिलेगा। उन्होंने कहा कि आयुर्वेदिक चिकित्सा पद्धति के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि आयुर्वेद भारत की प्राचीन और वैज्ञानिक चिकित्सा प्रणाली है, जो बिना किसी गंभीर दुष्प्रभाव के रोगों का प्रभावी उपचार करती है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में आयुर्वेदिक उपचार पद्धति की ओर लोगों का रुझान बढ़ना शुभ संकेत है और ऐसे शिविर आमजन के स्वास्थ्य के लिए अत्यंत उपयोगी हैं।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे आयुर्वेद विभाग के उपनिदेशक डॉ. तीर्थ कुमार शर्मा ने शिविर की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि इस 10 दिवसीय निशुल्क आयुर्वेदिक चिकित्सा शिविर में 4500 से अधिक लोगों ने विभिन्न चिकित्सा सेवाओं का लाभ लिया। उन्होंने बताया कि शिविर के अंतर्गत आयुर्वेदिक शल्य चिकित्सा के माध्यम से बवासीर के कुल 105 सफल ऑपरेशन किए गए। यह सभी ऑपरेशन डॉ. पंकज पोटलिया, डॉ. हरवीर सहित पूरी चिकित्सक टीम द्वारा क्षार सूत्र पद्धति से किए गए, जिससे रोगियों को कम समय में बेहतर स्वास्थ्य लाभ मिला।
डॉ. तीर्थ कुमार शर्मा ने शिविर से जुड़े सभी चिकित्सकों, नर्सिंग स्टाफ, स्वयंसेवकों एवं सहयोगी संस्थाओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि टीम भावना और सेवा भाव के कारण ही यह शिविर पूरी तरह सफल हो सका। उन्होंने भविष्य में भी इस प्रकार के जनहितकारी शिविर आयोजित करने की आवश्यकता पर बल दिया।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।