– राष्ट्रीय प्रतियोगिता में करेंगे राजस्थान का प्रतिनिधित्व
हनुमानगढ़। राजस्थान राज्य स्तरीय जूडो प्रतियोगिता में हनुमानगढ़ के खिलाड़ियों ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए अनेक पदक हासिल किए और जिले का नाम रोशन किया। मंगलवार को जब विजेता खिलाड़ी हनुमानगढ़ पहुंचे तो उनका भव्य स्वागत किया गया। स्वागत समारोह में जिला कलेक्टर डॉ. खुशाल यादव, अतिरिक्त जिला कलेक्टर उम्मेदी लाल मीणा, जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी ओपी बिश्नोई, जिला जूडो संघ के अध्यक्ष सुनील बिश्नोई, जूडो कोच अभिजीत सिंह, शारीरिक शिक्षक राजेश सिहाग, संदीप सिंह सहित अनेक गणमान्य जन और खेल प्रेमी उपस्थित रहे।
जिला जूडो संघ के अध्यक्ष सुनील बिश्नोई ने बताया कि खिलाड़ियों ने कठिन परिश्रम और अनुशासन के बल पर यह उपलब्धि हासिल की है। उन्होंने कहा कि इन प्रतिभाशाली खिलाड़ियों का चयन अब राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता के लिए हुआ है, जहां वे राजस्थान का प्रतिनिधित्व करेंगे।
उन्होंने बताया कि सब-जूनियर बॉयज़ वर्ग में सौम्य ने 45 किलोग्राम भारवर्ग में स्वर्ण पदक जीता। 30 किलोग्राम भारवर्ग में राजवीर और 40 किलोग्राम भारवर्ग में रवि ने रजत पदक हासिल किया। 35 किलोग्राम में नवीन, 50 किलोग्राम में ललित, 55 किलोग्राम में गौतम और 60 किलोग्राम में निशान ने कांस्य पदक प्राप्त किए।
सब-जूनियर गर्ल्स वर्ग में मानवी ने 40 किलोग्राम और मेहुल ने 57 किलोग्राम भारवर्ग में स्वर्ण पदक जीते। 28 किलोग्राम में चंद्रकला और 36 किलोग्राम में रीना ने कांस्य पदक प्राप्त किए।
कैडेट बॉयज़ वर्ग में दिपेन्दर (60 किग्रा), समीर (66 किग्रा) और गौरव (73 किग्रा) ने स्वर्ण पदक अपने नाम किए। पवनदीप (55 किग्रा), अमनवीर (81 किग्रा) और वंश (+90 किग्रा) ने रजत पदक हासिल किए।
कैडेट गर्ल्स वर्ग में दीपीका (44 किग्रा), खुशप्रीत (57 किग्रा), दीपीका (63 किग्रा) और बिपासा (+70 किग्रा) ने स्वर्ण पदक जीते। वहीं जैस्मिन ने 52 किलोग्राम भारवर्ग में रजत पदक प्राप्त किया।
खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन पर जिला प्रशासन और खेल प्रेमियों ने हर्ष व्यक्त किया। जिला कलेक्टर डॉ. खुशाल यादव ने कहा कि हनुमानगढ़ की धरती खेल प्रतिभाओं से भरी हुई है और इन बच्चों ने यह साबित कर दिया है कि मेहनत और लगन से हर मुकाम हासिल किया जा सकता है। उन्होंने खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर पर भी शानदार प्रदर्शन करने का आशीर्वाद दिया।
ताजा अपडेट्स के लिए आप पञ्चदूत मोबाइल ऐप डाउनलोड कर सकते हैं, ऐप को इंस्टॉल करने के लिए यहां क्लिक करें.. इसके अलावा आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।



































