भगवान महावीर पार्क की दीवार तोड़ने के विरोध में जैन समाज का ज्ञापन

28

– सांसद कुलदीप इंदौरा से हस्तक्षेप की मांग, धार्मिक स्थल की पवित्रता बनाए रखने की अपील
हनुमानगढ़। जैन श्वेताम्बर तेरापंथी उपसभा, धोलीपाल द्वारा नोहर स्थित भगवान महावीर पार्क की दीवार तोड़कर वहां गंदे पानी के भंडारण एवं निकासी के लिए प्रस्तावित निर्माण कार्य का विरोध जताते हुए श्रीगंगानगर लोकसभा क्षेत्र के सांसद कुलदीप इंदौरा को ज्ञापन सौंपा गया। उपसभा ने इस प्रस्तावित योजना को धार्मिक भावनाओं के विपरीत बताते हुए इसे तत्काल प्रभाव से रुकवाने की मांग की है।
ज्ञापन में बताया गया कि भगवान महावीर पार्क जैन समाज की आस्था, धार्मिक मान्यताओं एवं सांस्कृतिक पहचान का महत्वपूर्ण केंद्र है। पार्क वर्षों से समाज के लोगों के लिए श्रद्धा और सामाजिक गतिविधियों का प्रमुख स्थल रहा है। ऐसे में नगरपालिका द्वारा पार्क की दीवार तोड़कर वहां गंदे पानी के भंडारण एवं निकासी की योजना बनाना न केवल अनुचित है, बल्कि इससे धार्मिक भावनाएं भी आहत होंगी।
उपसभा पदाधिकारियों ने कहा कि यदि पार्क के समीप गंदे पानी का संग्रहण और निकासी की व्यवस्था बनाई जाती है तो इससे पूरे क्षेत्र में गंदगी एवं दुर्गंध का वातावरण बनेगा। साथ ही पार्क की स्वच्छता, सुंदरता और पवित्रता भी प्रभावित होगी। समाज के लोगों ने आशंका जताई कि इससे धार्मिक एवं सामाजिक आयोजनों पर भी विपरीत प्रभाव पड़ेगा।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।