– गंग नहर ने बदली राजस्थान की तस्वीर, किसानों को मिला सिंचाई का आधार; सर्व समाज ने महाराजा के योगदान को किया याद
हनुमानगढ़। महाराजा गंगा सिंह की जयंती के अवसर पर मंगलवार को सर्व समाज की ओर से श्रद्धा और उत्साह के साथ जयंती मनाई गई। इस दौरान निकटवर्ती गांव रामसरा के थेड़ी गंगानी में महाराजा गंगा सिंह चौक पर स्थापित उनकी आदमकद प्रतिमा के समक्ष ग्रामीणों और सर्व समाज के लोगों ने पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें नमन किया। उपस्थित लोगों ने महाराजा गंगा सिंह के जीवन, दूरदर्शी सोच और क्षेत्र के विकास में उनके योगदान को याद किया।
कार्यक्रम में महेंद्र सिंह राठौड़ ने महाराजा गंगा सिंह के व्यक्तित्व और उनके ऐतिहासिक योगदान पर प्रकाश डालते हुए कहा कि महाराजा गंगा सिंह का जीवन समाज और क्षेत्र के लिए प्रेरणास्रोत है। उनके कार्यों को याद करना और आने वाली पीढ़ियों तक उनके योगदान की जानकारी पहुंचाना हम सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि महापुरुषों के विचारों और उनके द्वारा किए गए जनकल्याणकारी कार्यों से प्रेरणा लेकर समाज को आगे बढ़ना चाहिए।
देवेंद्र पारीक ने कहा कि महाराजा गंगा सिंह के योगदान के कारण ही हनुमानगढ़ क्षेत्र की खुशहाली में महत्वपूर्ण बदलाव आया। गंग नहर के माध्यम से क्षेत्र के किसानों को सिंचाई के लिए पानी उपलब्ध हुआ, जिससे कृषि को नई दिशा मिली। नहर के पानी ने खेती-किसानी को मजबूत आधार दिया और क्षेत्र की आर्थिक स्थिति को बेहतर बनाने में अहम भूमिका निभाई। कृषि उत्पादन में धान की महत्वपूर्ण हिस्सेदारी के चलते हनुमानगढ़ व श्रीगंगानगर को धान का कटोरा भी कहा जाता है। उन्होंने कहा कि महाराजा गंगा सिंह की दूरदर्शी सोच और विकास कार्यों को हमेशा याद रखा जाएगा।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।

































