मानव उत्थान सेवा समिति ने किया पौधारोपण अभियान

193

-कोहला–भारतमाला टोल बूथ मार्ग पर लगे पीपल, बरगद और नीम के 40 पौधे
हनुमानगढ़। 
पर्यावरण संरक्षण और हरियाली को बढ़ावा देने के उद्देश्य से मानव उत्थान सेवा समिति के सदस्यों ने शनिवार को हनुमानगढ़ टाउन क्षेत्र में पौधारोपण किया। समिति के कार्यकर्ताओं ने कोहला से भारतमाला टोल बूथ तक जाने वाले मार्ग पर कुल 40 पौधे लगाए। इन पौधों में पीपल, बरगद और नीम जैसी दीर्घायु एवं औषधीय गुणों से युक्त प्रजातियां शामिल थीं। पौधों की सुरक्षा के लिए प्रत्येक पौधे को ट्री गार्ड के साथ लगाया गया, ताकि उनका संरक्षण सुनिश्चित हो सके।
समिति अध्यक्ष लादु सिंह भाटी ने बताया कि समिति लंबे समय से निस्वार्थ भाव से पौधारोपण अभियान चला रही है। उन्होंने कहा कि जलवायु परिवर्तन और बढ़ते प्रदूषण के बीच पेड़-पौधों का महत्व और भी बढ़ गया है। यदि प्रत्येक नागरिक अपने जीवन में कम से कम एक पौधा रोपित करे और उसे सुरक्षित बड़ा करे तो आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ पर्यावरण उपलब्ध होगा।
पौधारोपण कार्यक्रम में प्रोजेक्ट मैनेजर रजनीश त्यागी, वरिष्ठ लेखाधिकारी ऋषि भारद्वाज, विपिन कुमार शर्मा, दाता राम स्वामी, राजेंद्र सिंह सैंगर, रमेश कुमार शाक्य और राजाराम बिश्नोई मौजूद रहे। सभी ने मिलकर पौधारोपण किया और पेड़ों की सुरक्षा एवं देखभाल की जिम्मेदारी भी उठाई।
अध्यक्ष लादु सिंह भाटी ने आगे बताया कि समिति के सदस्य निरंतर अलग-अलग स्थानों पर पौधारोपण कर रहे हैं। उनका लक्ष्य है कि हनुमानगढ़ जिले को हरियाली की दृष्टि से एक उदाहरण बनाया जाए। उन्होंने कहा कि पेड़ केवल ऑक्सीजन ही नहीं देते बल्कि पर्यावरणीय संतुलन बनाए रखने, भूजल स्तर सुधारने और छाया प्रदान करने में भी सहायक होते हैं।
कार्यक्रम के दौरान समिति सदस्यों ने यह संकल्प लिया कि लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल कर उन्हें वृक्ष बनने तक पोषित करेंगे। उन्होंने आमजन से भी अपील की कि हर कोई अपने आसपास पौधारोपण करें और पर्यावरण संरक्षण में अपना योगदान दें।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।