मनरेगा मजदूरों ने हाजिरी व भुगतान समस्याओं को लेकर किया प्रदर्शन

23

– कांग्रेस जिलाध्यक्ष की मध्यस्थता से बनी सहमति, नियमित मजदूरी भुगतान का मिला आश्वासन
हनुमानगढ़।
 निकटवर्ती गांव जण्डावाली में मनरेगा कार्यों के दौरान ऑनलाइन हाजिरी दर्ज करने में आ रही तकनीकी समस्याओं और मजदूरी भुगतान में हो रही देरी को लेकर मनरेगा मजदूरों ने ग्राम पंचायत परिसर में प्रदर्शन किया। मजदूरों ने आरोप लगाया कि नियमित रूप से कार्य करने के बावजूद उनकी उपस्थिति दर्ज नहीं हो पा रही है, जिसके कारण उन्हें समय पर मजदूरी का भुगतान नहीं मिल रहा है।
प्रदर्शन कर रहे मजदूरों ने बताया कि मनरेगा में लागू ऑनलाइन उपस्थिति प्रणाली के तहत कई श्रमिकों की आंखों की पुतली (आइरिस) का मिलान नहीं हो रहा है, वहीं बुजुर्ग मजदूरों के फिंगरप्रिंट भी मशीन में नहीं आ रहे हैं। इसके अतिरिक्त इंटरनेट कनेक्टिविटी की समस्या के कारण भी उपस्थिति दर्ज करने में बाधा उत्पन्न हो रही है। इन तकनीकी खामियों का सीधा असर मजदूरों की मजदूरी पर पड़ रहा है और कई श्रमिकों को अपने किए गए कार्य का भुगतान नहीं मिल पा रहा है।
मजदूरों ने यह भी आरोप लगाया कि जहां एक ओर वास्तविक श्रमिकों की उपस्थिति दर्ज नहीं हो पा रही है, वहीं कुछ लोगों की बिना कार्य किए घर बैठे हाजिरी लगने की शिकायतें भी सामने आ रही हैं। उन्होंने इस व्यवस्था की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
मामले की जानकारी मिलने पर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष मनीष मक्कासर मौके पर पहुंचे और मजदूरों की समस्याएं सुनीं। उनकी मध्यस्थता से विकास अधिकारी, ग्राम पंचायत सरपंच, मनरेगा कार्मिकों एवं मजदूर प्रतिनिधियों के बीच वार्ता आयोजित की गई। बैठक में मजदूरों द्वारा उठाई गई समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई तथा तकनीकी खामियों को दूर करने के उपायों पर विचार-विमर्श किया गया।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।