अच्छी खबर: जुलाई के पहले हफ्ते में पूरे राजस्थान को कवर कर लेगा मानसून

0
568

नई दिल्ली: भीषण गर्मी के बीच मानसून केरल पहुंच गया है। वह भी तय तारीख एक जून से 3 दिन पहले ही। स्कायमेट ने मानसून के केरल पहुंचने का दावा किया है। मौसम विभाग ने भी 24 घंटे में मानसून के केरल पर छाने की बात कही है। केरल सहित दक्षिण के तटवर्ती इलाकों में बारिश शुरू हो गई है। मौसम विभाग ने इस बार देश में सामान्य मानसून का अनुमान जाहिर किया है।

स्कायमेट के सीईओ जतिन सिंह ने बताया कि केरल में सभी मौसम केंद्रों पर दो दिन से बारिश दर्ज की गई है। हवाओं के आधार पर भी कहा जा सकता है कि मानसून आ गया है। अगले 24 घंटे में केरल के कुछ भागों, तमिलनाडु, बंगाल की खाड़ी के कुछ और हिस्सों, अंडमान सागर के बाकी भागों के साथ ही अंडमान में तेज बारिश के आसार हैं। जून में देश के 80% इलाके में मानसून के छा जाने का अनुमान है। जयपुर में मानसून 15 जून के आसपास पहुंचेगा।

अच्छी बारिश, यानी मजबूत इकोनॉमी
मानसून के दौरान देश की 70% बारिश होती है। आधी से अधिक जमीन को इससे फायदा होता है। 80 करोड़ आबादी खेती के लिए मानसून पर निर्भर है।

खरीफ फसल के दौरान आधे से ज्यादा खाद्य पदार्थों की पैदावार होती है। धान, जूट, गन्ना, दालें प्रमुख हैं। महंगाई दर में कमी आती है। ब्याज दरें भी घटती हैं। 2014 में उपभोक्ता मांग 6.2% बढ़ी थी। अच्छी बारिश के बाद 2017 में यह 7.9% तक बढ़ गई। 

एडवांस मानसून का क्या मतलब? 
देशभर में जून में सामान्य से ज्यादा बारिश हो सकती है। 97 से 100% तक। धीरे-धीरे बारिश सामान्य होती जाएगी। जिन राज्यों में अभी सूखे जैसी स्थिति है, वहां भी अच्छी बारिश के आसार हैं। साथ ही देश के मध्य और उत्तरी राज्यों में अगले 15-20 दिन में अच्छी प्री-मानसून बारिश हो सकती है।

क्या मानसून भटक या अटक सकता है? 
मौजूदा मॉडल के मुताबिक 5 से 6 जून को मानसून मुंबई में होगा। अरब सागर में चक्रवाती हवाओं का सिस्टम बना हुआ है। इससे नमी 14 हजार फीट तक पहुंच रही है, जो बादल बन दक्षिण की ओर बढ़ रही है। केरल-कर्नाटक में अच्छी बारिश होगी। बंगाल की खाड़ी में भी सिस्टम बना हुआ है।

17 राज्यों में सूखा है, भरपाई हो जाएगी? 
अप्रैल-मई के बीच 15 दिनों में 8 तूफान आए। इससे पश्चिमी विक्षोभ में नमी की कमी रही। सूखी हवाओं के कारण 17 राज्यों में कमजोर प्री-मानसून रहा। मौजूदा मॉडल से लगता है कि जून के शुरू के 15 दिनों में अच्छी बारिश होगी। यह 60 से 70% तक प्री-मॉनसून बारिश की कमी को पूरी कर देगी।

कब तक और कितनी बारिश होगी? 
जून में सामान्य से ज्यादा, यानी की 97 से 102% तक बारिश होने की उम्मीद है। जुलाई में भी अच्छी बारिश रहेगी। अगस्त में सेंट्रल इंडिया में सामान्य बारिश होने के आसार हैं। अभी तक मिली जानकारी के अनुसार सितंबर में भी मानसून की बारिश के हालात सामान्य रहेंगे।

ये भी पढ़ें:

रूचि के अनुसार खबरें पढ़ने के लिए यहां किल्क कीजिए

ताजा अपडेट के लिए लिए आप हमारे फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल को फॉलो कर सकते हैं