लोक परिवहन निगम की तेज रफ्तार बसों पर लगाम लगाने की मांग, राष्ट्रीय युवक परिषद ने सौंपा ज्ञापन

228
हनुमानगढ़। जिले में लोक परिवहन निगम की बसों के तेज रफ्तार संचालन और लापरवाही भरे व्यवहार को लेकर राष्ट्रीय युवक परिषद ने चिंता जताई है। इसी संदर्भ में परिषद के जिलाध्यक्ष प्रवीण जैन के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने मंगलवार को जिला परिवहन अधिकारी (डीटीओ) कार्यालय पहुंचकर ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में परिषद ने मांग की कि लोक परिवहन निगम की बसों की गति पर प्रभावी अंकुश लगाया जाए और चालकों के लाइसेंस तथा बसों की फिटनेस की गहन जांच कराई जाए। परिषद के अनुसार, हनुमानगढ़ जिले के कई इलाकों से लगातार शिकायतें प्राप्त हो रही हैं कि लोक परिवहन निगम की बसें अत्यधिक तेज गति से सड़कों पर दौड़ती हैं, जिससे सड़क सुरक्षा को गंभीर खतरा उत्पन्न हो रहा है।
परिषद ने बताया कि इन बसों के चालक कई बार लापरवाहीपूर्वक ओवरटेक करते हैं, जिससे दुर्घटनाएं बढ़ रही हैं। हाल ही में जिले में ऐसी कई दुर्घटनाएं घटित हुई हैं, जिनकी खबरें स्थानीय अखबारों में भी प्रकाशित हुई हैं। इसके बावजूद बस संचालन में सुधार के ठोस कदम नहीं उठाए गए हैं।परिषद ने यह भी आग्रह किया कि बसों की फिटनेस की नियमित जांच सुनिश्चित की जाए ताकि सड़क पर केवल तकनीकी रूप से सही और सुरक्षित वाहन ही दौड़ें। साथ ही, चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस की वैधता, उनके स्वास्थ्य परीक्षण और आवश्यक प्रशिक्षण की भी समय-समय पर समीक्षा की जाए।जिलाध्यक्ष प्रवीण जैन ने कहा कि सड़क पर आम जनता की सुरक्षा सर्वोपरि है। यदि लोक परिवहन निगम की बसें इसी प्रकार लापरवाहीपूर्वक संचालित होती रहीं तो भविष्य में और भी गंभीर हादसे हो सकते हैं। परिषद ने जिला परिवहन विभाग से शीघ्र और ठोस कार्रवाई की मांग की है।
ज्ञापन सौंपने के दौरान जिलाध्यक्ष प्रवीण जैन के साथ करडाराम, राम गोपाल सेन, महेंद्र स्वामी, नंदलाल, ओम ईश्वर बठला, वीरेंद्र जैन, गुरतेज सिंह भुल्लर, रमेश पचारिया, पतराम चौहान सहित कई सदस्य उपस्थित रहे। सभी ने एक सुर में इस मुद्दे पर तत्काल कार्रवाई की आवश्यकता जताई।

ताजा अपडेट्स के लिए आप पञ्चदूत मोबाइल ऐप डाउनलोड कर सकते हैं, ऐप को इंस्टॉल करने के लिए यहां क्लिक करें.. इसके अलावा आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।