रामलीला के नौवें दिन सीता हरण, जटायु मरण और कबंध राक्षस के उद्धार का प्रभावशाली मंचन

32

*-विश्व हिंदू परिषद के उपाध्यक्ष मोहन चंगोई सहित विभिन्न संगठनों के पदाधिकारी सपरिवार पहुंचे, 18 अक्टूबर को होगा 108 कन्याओं का महापूजन*
हनुमानगढ़। जंक्शन की भट्टा कॉलोनी स्थित स्वामी विवेकानंद रंगमंच पर स्वामी विवेकानंद रंगमंच सेवा समिति हनुमानगढ़ की ओर से आयोजित रामलीला के नौवें दिन पंचवटी प्रसंग, सीता हरण, जटायु मरण, कबंध राक्षस के उद्धार और माता शबरी को नवधा भक्ति का ज्ञान देने से जुड़े प्रसंगों का प्रभावशाली मंचन किया गया। कलाकारों ने सजीव अभिनय और प्रभावशाली संवादों के माध्यम से रामायण के महत्वपूर्ण प्रसंगों को मंच पर जीवंत कर दिया। भावपूर्ण दृश्यों ने दर्शकों को भावविभोर किया और पूरे आयोजन स्थल पर धार्मिक वातावरण बना रहा।
कार्यक्रम में विश्व हिंदू परिषद के उपाध्यक्ष मोहन चंगोई मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इनके अलावा पशुपति जीव रक्षक गौ मित्र संस्था के पदाधिकारी भगवती गर्ग और विजय जांगिड़ सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे। एकता मंच के सचिव मनीष कुमार, कोषाध्यक्ष आशीष गोयल, संरक्षक गणेश सोलंकी, गुरदीप सिंह सहित जिले के अन्य पदाधिकारी सपरिवार कार्यक्रम में पहुंचे। शहर के अनेक गणमान्य नागरिकों ने भी रामलीला का आनंद लिया और कलाकारों के अभिनय की सराहना की।
नौवें दिन के मंचन में पंचवटी में भगवान श्रीराम, माता सीता और लक्ष्मण के वनवास के दौरान रावण द्वारा माता सीता के हरण का दृश्य प्रस्तुत किया गया। इसके बाद माता सीता की रक्षा के लिए रावण से युद्ध करते हुए जटायु के वीरतापूर्ण संघर्ष और उनके बलिदान का भावुक मंचन हुआ। आगे की कथा में भगवान श्रीराम द्वारा कबंध राक्षस का उद्धार करने तथा माता शबरी को नवधा भक्ति का ज्ञान देने के प्रसंग प्रस्तुत किए गए। कलाकारों ने संवादों, वेशभूषा और अभिनय के माध्यम से इन प्रसंगों को प्रभावशाली बनाया।
राम का किरदार रोहित शर्मा, लक्ष्मण का मानव तिवारी और माता सीता का किरदार साहिल सारवान ने निभाया। भरत ने रावण, विशु ने जटायु तथा प्रमोद ने कबंध राक्षस की भूमिका अदा की। मंच संचालन बलजीत सिंह और अमित तिवारी ने किया।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।