-सुरेश गुप्ता व गौरव जैन ने सपरिवार हवनयज्ञ में डाली आहुति, मंत्रोच्चारण व हवन से गूंजा वातावरण
हनुमानगढ़। चैत्र नवरात्रि के पावन अवसर पर जंक्शन स्थित श्री काशी विश्वनाथ महादेव मंदिर में धार्मिक अनुष्ठानों की श्रृंखला के तहत शुक्रवार को यज्ञशाला में मंत्रोच्चारण एवं हवन यज्ञ के साथ संपन्न हुआ। मंदिर परिसर में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी रही और पूरा वातावरण भक्ति व आस्था से सराबोर नजर आया। आयोजन श्री नीलकंठ महादेव सेवा प्रन्यास के तत्वावधान में किया जा रहा है।
कार्यक्रम का शुभारंभ वैदिक विधि-विधान के साथ हुआ, जिसमें पंडित धर्मेन्द्र शास्त्री के सानिध्य में अन्य विद्वान ब्राह्मणों द्वारा मंत्रोच्चार कर यज्ञशाला का पवित्रीकरण किया गया। इसके पश्चात हवन यज्ञ का आयोजन किया गया, जिसमें यज्ञशाला निर्माण करवाने वाले सुरेश कुमार जेके, पार्षद गौरव जैन ने सपरिवार मुख्य यजमान के रूप में पूजा-अर्चना की। इनके साथ अन्य यजमानों में संस्था अध्यक्ष अश्विनी नारंग, उपाध्यक्ष रामचन्द्र बाघला, सचिव चिमन मित्तल, विजय भूतना ने सपरिवार हवनयज्ञ में आहुति डाली। हवन के दौरान श्रद्धालुओं ने वैदिक मंत्रों के बीच आहुतियां देकर अपने परिवार की सुख-समृद्धि एवं विश्व कल्याण की कामना की।
यज्ञशाला में पूरे दिन धार्मिक अनुष्ठानों का क्रम जारी रहा। आचार्य पंडितों के सानिध्य में विधिवत पूजन, हवन एवं अन्य धार्मिक क्रियाएं संपन्न करवाई गईं। वेद मंत्रों की गूंज से मंदिर परिसर में आध्यात्मिक ऊर्जा का संचार हुआ और श्रद्धालु भक्ति में लीन नजर आए। आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की सहभागिता देखने को मिली।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।



































