नारेबाजी करते हुए बाजार में निकाला जुलूस, मातृशक्ति ने भी दिखाया दमखम
हनुमानगढ़। माकपा संगठनों ने बिजली उपभोक्ताओं के घरों पर जबरन लगाए जा रहे स्मार्ट मीटरों का विरोध करते हुए मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नाम ज्ञापन डबलीराठान उपतहसील कार्यालय में नायब तहसीलदार रणवीर फूलेंजी को सौंपा। ज्ञापन देने से पूर्व राज्य कमेटी उपाध्यक्ष एवं पूर्व सरपंच रामेश्वर वर्मा तथा जनवादी महिला समिति प्रदेश उपाध्यक्ष चंद्रकला वर्मा के नेतृत्व में माकपा कार्यकर्ता ग्राम पंचायत प्रांगण में एकत्रित हुए और सरकार की नीतियों की कड़ी आलोचना की। इसके बाद बाजार में जुलूस निकाला गया जिसमें पुरुषों के साथ महिलाओं ने भी बढ़-चढ़कर भाग लिया और जोरदार नारेबाजी करते हुए स्मार्ट मीटरों का विरोध जताया। ज्ञापन में कहा गया कि भाजपा सरकार उपभोक्ताओं की इच्छा के विरुद्ध स्मार्ट मीटर लगवा रही है, जिससे आने वाले समय में बिजली बिलों में भारी बढ़ोतरी होगी। यह उपभोक्ताओं की जेब पर सीधा बोझ डालने के समान है। संगठन ने आरोप लगाया कि सरकार निजी कंपनियों को लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से बिजली का निजीकरण कर रही है और स्मार्ट मीटर की आड़ में उपभोक्ताओं से मनमाना वसूला जाएगा। स्मार्ट मीटर रिचार्ज प्रणाली से संचालित होंगे, जिससे बिलिंग और बिजली आपूर्ति का पूरा नियंत्रण कंपनियों के हाथों में रहेगा। ऐसे में उपभोक्ताओं को मूलभूत सुविधा से वंचित किया जा सकता है और मनमर्जी से बिजली आपूर्ति बंद की जा सकती है। माकपा नेताओं ने कहा कि यह पूर्व नियोजित षड्यंत्र है जिसका आमजन पर गहरा असर पड़ेगा। संगठन ने मांग की कि सरकार इस प्रस्ताव को तुरंत प्रभाव से वापस ले। साथ ही पूर्व की तरह दो माह बाद ही बिजली बिल जारी करने की व्यवस्था बहाल की जाए, ताकि उपभोक्ताओं को मिलने वाली सब्सिडी का पूरा लाभ मिल सके।
ज्ञापन में कृषि क्षेत्र को नियमित आठ घंटे बिजली आपूर्ति देने, घरेलू एवं कृषि से संबंधित जर्जर बिजली लाइनों, क्षतिग्रस्त पोल व वायर आदि उपकरण बदलने तथा नए कनेक्शन जारी करने की भी मांग की गई। माकपा संगठनों ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने उनकी मांगों पर ध्यान नहीं दिया तो राज्यव्यापी आंदोलन छेड़ा जाएगा।
ताजा अपडेट्स के लिए आप पञ्चदूत मोबाइल ऐप डाउनलोड कर सकते हैं, ऐप को इंस्टॉल करने के लिए यहां क्लिक करें.. इसके अलावा आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।




































