-रक्षाबंधन पर ‘एक पेड़ रिश्तों के नाम’ का दिया संदेश, पूर्व पदाधिकारियों ने भी की सहभागिता
हनुमानगढ़। भारतीय जनता पार्टी नगरमंडल हनुमानगढ़ जंक्शन द्वारा बुधवार को ‘वन एवं पर्यावरण अभियान’ के तहत जिला क्लब परिसर में पौधारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व नगर मंडल अध्यक्ष प्रकाश तंवर ने किया, जिसमें मंडल के अनेक पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित रहे। पर्यावरण संरक्षण को लेकर भाजपा की इस पहल को जन-जन से जोड़ने के उद्देश्य से यह अभियान चलाया गया।
इस अवसर पर पूर्व जिलाध्यक्ष देवेन्द्र पारीक एवं पूर्व उपसभापति नगीना बाई ने विशेष रूप से शिरकत की तथा पौधारोपण कर कार्यक्रम को प्रेरणादायी रूप दिया। कार्यक्रम की अध्यक्षता वन एवं पर्यावरण अभियान के मंडल संयोजक नरेश मेहन ने की। उन्होंने उपस्थित जनसमूह को पर्यावरण की रक्षा के लिए अधिक से अधिक पेड़ लगाने की शपथ दिलाई।
मंडल अध्यक्ष प्रकाश तंवर ने अपने संबोधन में कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी द्वारा चलाए जा रहे ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान को हर नागरिक तक पहुंचाने का प्रयास भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को अपनी मां के नाम पर एक पौधा अवश्य लगाना चाहिए, जिससे ना केवल पर्यावरण को बल मिलेगा, बल्कि भावनात्मक जुड़ाव भी बनेगा। प्रकाश तंवर ने आगामी रक्षाबंधन पर्व को और भी विशेष बनाने की अपील करते हुए कहा कि इस बार बहनें अपने भाई के नाम पर तथा भाई अपनी बहनों के नाम पर पौधा लगाएं। इस भावनात्मक व सामाजिक पहल के माध्यम से हम आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ और हरित वातावरण प्रदान कर सकते हैं।
ताजा अपडेट्स के लिए आप पञ्चदूत मोबाइल ऐप डाउनलोड कर सकते हैं, ऐप को इंस्टॉल करने के लिए यहां क्लिक करें.. इसके अलावा आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।




































