भटनेर दुर्ग में योग दिवस की तैयारियाँ जोरों पर

247

हनुमानगढ़। ऐतिहासिक भटनेर दुर्ग में 21 जून को आयोजित होने वाले अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की तैयारियों को लेकर जिला प्रशासन सक्रियता से कार्य कर रहा है। आयोजन को सफल एवं सुव्यवस्थित बनाने के लिए जिला प्रशासन की ओर से व्यापक प्रबंध किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में शुक्रवार को जिला कलक्टर कानाराम के नेतृत्व में विभिन्न विभागों के अधिकारियों की एक टीम ने आयोजन स्थल का निरीक्षण किया। निरीक्षण दल में जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी ओपी बिश्नोई, नगर परिषद आयुक्त सुरेंद्र सिंह यादव, पुलिस वृत अधिकारी मीनाक्षी, आयुर्वेद विभाग के उपनिदेशक तीर्थ कुमार शर्मा सहित अनेक विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने योग स्थल की व्यवस्थाओं का गहनता से जायजा लिया। इस अवसर पर जिला कलक्टर ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए कहा कि योग दिवस के आयोजन को सफल एवं भव्य बनाने के लिए सभी विभाग समन्वय से कार्य करें। उन्होंने खासतौर पर आयोजन स्थल पर पेयजल, छायादार व्यवस्था, बैठने की उचित व्यवस्था तथा स्वच्छता की पुख्ता व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि बारिश की संभावना को देखते हुए वैकल्पिक व्यवस्थाओं की भी पहले से तैयारी रखी जाए। निरीक्षण के दौरान माध्यमिक शिक्षा अधिकारी पन्नालाल कडेला, महापीर प्रसाद, सहायक उपनिदेशक, नगर आयुर्वेद विभाग, परिषद के कनिष्ठ अभियंता सत्यवीर कटारिया, यातायात थाना प्रभारी अनिल चिन्दा, मुख्य स्वच्छता अधिकारी प्रेमलता पुरी, स्वच्छता निरीक्षक जगदीश सिराव, भंडारपाल राम कुमार सहित अन्य कर्मचारी भी मौजूद रहे। सभी अधिकारियों ने अपने-अपने विभागों से संबंधित जिम्मेदारियों को लेकर मौके पर ही योजनाएं तैयार कीं।कलक्टर ने यह भी निर्देशित किया कि योग कार्यक्रम में भाग लेने वाले नागरिकों के लिए सुविधा जनक मार्गदर्शन, पार्किंग व्यवस्था और सुरक्षा के पूरे इंतजाम सुनिश्चित किए जाएं। साथ ही, आयोजन के दौरान आने वाले गणमान्य अतिथियों के लिए अलग से बैठक एवं आवागमन की व्यवस्था सुनिश्चित हो। उल्लेखनीय है कि भटनेर दुर्ग में पहली बार इतने व्यापक स्तर पर अंतरराष्ट्रीय योग दिवस का आयोजन किया जा रहा है, जिससे न केवल योग के प्रति जनजागरूकता बढ़ेगी बल्कि ऐतिहासिक स्थल के संरक्षण और पर्यटन की दृष्टि से भी यह आयोजन मील का पत्थर साबित हो सकता है।प्रशासन की ओर से उम्मीद जताई जा रही है कि इस बार का योग दिवस भटनेर दुर्ग की पावन भूमि पर ऐतिहासिक और प्रेरणादायक बनकर उभरेगा।

ताजा अपडेट्स के लिए आप पञ्चदूत मोबाइल ऐप डाउनलोड कर सकते हैं, ऐप को इंस्टॉल करने के लिए यहां क्लिक करें.. इसके अलावा आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।