जर्जर स्वास्थ्य भवनों को ध्वस्त करने, डिग्गी अनुदान जारी करने व गेहूं खरीद घोटाले की जांच की उठी मांग

12

हनुमानगढ़। कांग्रेस सांसद राहुल कस्वां एवं विधायक अमित चाचाण का बुधवार को जिला कांग्रेस कमेटी कार्यालय में जिलाध्यक्ष मनीष मक्कासर के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने स्वागत किया। इस दौरान क्षेत्र की विभिन्न जनसमस्याओं एवं किसानों से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की गई।
जिलाध्यक्ष मनीष मक्कासर ने गांव मक्कासर सहित हनुमानगढ़ क्षेत्र के विभिन्न स्वास्थ्य केंद्रों में बने पुराने एवं जर्जर भवनों को हटाने की मांग उठाई। उन्होंने बताया कि स्वास्थ्य विभाग एवं निर्माण विभाग द्वारा निरीक्षण के बाद इन भवनों को जर्जर घोषित किया जा चुका है तथा संबंधित फाइल जिला कलेक्टर कार्यालय में लंबित है। समिति गठन की प्रक्रिया पूरी नहीं होने के कारण भवनों को ध्वस्त नहीं किया जा सका है। उन्होंने मांग की कि शीघ्र समिति गठित कर जर्जर भवनों को हटाया जाए ताकि वहां सरकार अथवा जनसहयोग से मरीजों के लिए नए कमरों एवं सुविधाओं का निर्माण कराया जा सके।
इस अवसर पर किसानों की लंबे समय से लंबित डिग्गी अनुदान राशि का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया गया। मनीष मक्कासर ने कहा कि राज्य सरकार के आह्वान पर किसानों ने खेतों में डिग्गियों का निर्माण कराया तथा इसके लिए कई किसानों ने ब्याज पर ऋण लेकर कार्य करवाया। लेकिन निर्माण पूरा होने के बाद भी किसानों को आज तक अनुदान राशि प्राप्त नहीं हुई है। इससे किसान दोहरी मार झेल रहा है। पहले वह सरकारी अनुदान का इंतजार कर रहा है और अब उसे लिए गए ऋण का ब्याज भी चुकाना पड़ रहा है। उन्होंने सरकार से लंबित अनुदान राशि शीघ्र जारी करने की मांग की।
इसके साथ ही समर्थन मूल्य पर गेहूं खरीद में कथित अनियमितताओं एवं फर्जीवाड़े की उच्चस्तरीय जांच की मांग भी की गई। मनीष मक्कासर ने आरोप लगाया कि गेहूं खरीद प्रक्रिया में बड़े स्तर पर फर्जीवाड़ा हुआ है, जिससे करोड़ों रुपये का नुकसान हुआ है। उन्होंने कहा कि इस पूरे प्रकरण में जिम्मेदार अधिकारियों एवं प्रशासनिक तंत्र की भूमिका की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। जबकि वास्तविक किसान अपने हक के लिए भटक रहा है, वहीं कथित रूप से कुछ लोगों ने गलत तरीके से लाभ उठाया है। उन्होंने पूरे मामले की स्वतंत्र एवं निष्पक्ष जांच करवाकर दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की।
सांसद राहुल कस्वां एवं विधायक अमित चाचाण ने कार्यकर्ताओं को आश्वस्त किया कि जनहित एवं किसान हित से जुड़े इन मुद्दों को प्राथमिकता के साथ उठाया जाएगा तथा संबंधित विभागों से चर्चा कर समाधान के प्रयास किए जाएंगे। इस मौके पर जयराम ढुकिया, सुलोचना बावरी, डॉ. अजय ढिल, मोहनलाल इंदलिया, रामचन्द्र चौधरी, गुरलाल मान, जयपाल गिरी, नानक, विनोद, जयवीर बाना, लोकेन्द्र भाटी, आमिर खान, बंशीलाल, कुलदीप जाखड़ सरपंच, विकास जाखड़, शिवराज गोदारा, रामनिवास गोदारा, तेजेन्द्र वर्मा, मुमताज खान, लालचंद बावल, विजय गोंद, गोविन्द रैगर, गंगाराम खटीक, बलराज, विनोद हिरणावाली, राज चौधरी, सुरेन्द्र मारवाल, कृष्ण स्वामी, रविन्द्र बैनीवाल, ओमप्रकाश कूकणा व अन्य कार्यकर्ता मौजूद थे।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।