बाबा रामदेव धाम में श्रद्धालुओं ने किया शरबत वितरण, सेवा को बताया सबसे बड़ा पुण्य
हनुमानगढ़। भीषण गर्मी और तेज धूप के बीच आमजन को राहत पहुंचाने के उद्देश्य से बुधवार को श्री बाबा रामदेव धाम, हनुमानगढ़ जंक्शन में ठंडा, शुद्ध एवं स्वादिष्ट मीठा शरबत सेवा कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं, राहगीरों एवं स्थानीय नागरिकों ने शरबत ग्रहण कर गर्मी से राहत महसूस की।
आयोजकों ने बताया कि गर्मी के मौसम में प्यासे व्यक्ति को पानी या शरबत पिलाना सबसे बड़ा पुण्य माना जाता है। इसी भावना को लेकर बाबा रामदेव धाम परिसर में सुबह 11 बजे से शरबत सेवा शुरू की गई। सेवा के दौरान आने-जाने वाले लोगों को ठंडा एवं शुद्ध मीठा शरबत वितरित किया गया। श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक सेवा कार्य में भाग लेते हुए मानव सेवा का संदेश दिया।
कार्यक्रम के दौरान धाम परिसर में धार्मिक एवं सेवा भाव का वातावरण बना रहा। राहगीरों, मजदूरों, बुजुर्गों और अन्य लोगों ने शरबत पीकर आयोजकों का आभार व्यक्त किया। कई श्रद्धालुओं ने स्वयं भी सेवा कार्य में सहयोग करते हुए शरबत वितरण में भागीदारी निभाई।
आयोजन समिति सदस्य साहिल मेहरा ने कहा कि भारतीय संस्कृति में सेवा और परोपकार का विशेष महत्व है। भीषण गर्मी में लोगों को शीतल पेय उपलब्ध कराना न केवल मानवता की सेवा है बल्कि समाज में सहयोग और सद्भावना की भावना को भी मजबूत करता है। उन्होंने आमजन से भी ऐसे सेवा कार्यों में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।





































