गोड्डा जिले में कोयला खदान धंसी, 40 मजदूर फंसे, 5 की मौत

0
357

झारखंड: गोड्डा जिले के ललमटिया इलाके के भोड़ाय गांव में गुरुवार देर रात कोयले की खदान के धंसने से 40 से 50 मजदूरों के फंसे होने की आशंका है। राहत एवं बचाव कार्य में अबतक चार शव बरामद हुए हैं जबकि एक अन्य शव दिख रहा है। इसकी पुष्टि ईस्टर्न और वेस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड के सीएमडी राजीव रंजन मिश्र ने की है। इस हादसे में कुछ मशीनें भी फंस गई हैं।

मलबे से निकले 5 शव:

इस हादसे में जान गंवाने वाले लोग बिहार और झारखंड के हैं। मृतकों के नाम हैं- नागेश्वर पासवान, (बिहार), राजेंद्र यादव, (सीवान, बिहार), हरे कृष्ण यादव, (सीवान, बिहार), ब्रजेश यादव (उत्तर प्रदेश), जावेद अख्तर (गढ़वा)। इस्टर्न कोलफील्ड लिमिटेड (इसीएल) की राजमहल कोल परियोजना के ललमटिया के भोड़ाय खदान में यह हादसा गुरुवार देर शाम सात बजे के आसपास हुआ था। समय गुजरने के साथ खदान में दबे लोगों की बचने की संभावना कम होती जा रही है। हालांकि, राहत और बचाव कार्य जारी है।

200 मीटर तक मिट्टी का ढेर:

करीब 200 मीटर तक मिट्टी का ढेर हो गया है, जिसे हटाए बिना दबे लोगों तक पहुंचना मुश्किल है। खदान तक जाने का रास्ता बंद हो चुका है। रात में एक दूसरा रास्ता बनाया गया है, पर जब तक मिट्टी का ढेर नहीं हटेगा वहां तक जाना मुश्किल है। कोहरे और ठंड से रेस्क्यू में परेशानी हो रही है। एडीआरएफ की टीम पहुंची तो है, पर मुकम्मल नहीं। कुछ ही लोगों की टीम है. मौके पर सीआरपीएफ, जिला प्रशासन और स्थानीय लोग भी मदद के लिए मौजूद हैं। इसके बावजूद परिजनों का कहना है कि रेस्क्यू में जो तेजी दिखनी चाहिए नहीं दिख रही। सीएम रघुवर दास ने बचाव कार्य में तेजी लाने का आदेश दिए हैं।

इनके दबे होने की आशंका:
  • खदानमें एक जवान, तीन डोजर और कई गाड़ियों के साथ 7 सुपरवाइजर सहित 60 से 70 लोगों के फंसे होने की संभावना जताई जा रही है।
  • डिप्टी कमिश्नर अरविंद कुमार ने बताया कि इस घटना में एक माइनिंग सरदार हेमनारायण यादव को काफी चोटें आई हैं।
  • ऊर्जानगर स्थित ईसीएल के अस्पताल में भर्ती उन्हें इलाज के लिए भर्ती कराया गया है।
  • इससे पहले भी 26 सितंबर 2001 को इसी परियोजना में मिट्टी धंसने से 12 लोगों की मौत हो चुकी है।
  • इस घटना के बाद कई अधिकारियों को सस्पेंड करने के साथ मामला भी दर्ज हुआ था।
पीएम ने की झारखंड के सीएम से बात:
  • गोड्डा खान दुर्घटना को लेकर नरेंद्र मोदी ने झारखंड के सीएम रघुवर दास से फोन पर बात की है।
  •  इस घटना पर प्रधानमंत्री ने दुख व्यक्त करते हुए राहत कार्यों की जानकारी ली।
  •  साथ ही उन्होंने राहत कार्य में हरसंभव मदद का भी भरोसा दिलाया है।
  • मुख्यमंत्री ने सभी मृतक परिवारों को 2-2 लाख रुपए एवं घायलों को 25 -25 हज़ार रुपये की सहायता राशि देने की घोषणा की है।